महिला की तेजधार हथियार से हत्या, चंडीमंदिर पुलिस ने आईटी पार्क के नजदीक से झाड़ियों में पड़ा शव बरामद किया
- By Vinod --
- Wednesday, 14 Feb, 2024

Woman murdered with a sharp weapon
Woman murdered with a sharp weapon- पंचकूला। वेलेंटाइन डे पर बुधवार को पंचकूला के सेक्टर 22 स्थित आईटी पार्क के नजदीक एक महिला की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला का शव पुलिस ने झाड़ियों में पड़ा हुआ बरामद किया। शव मिलने की सूचना मिलते ही चंडीमंदिर थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने सैंपल एकत्रित किए और जांच के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान खड़क मंगोली की रहने वाली सुनीता (35) के रूप में हुई। पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ की है। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी कुछ समय से अलग रह रही थी। उसके साथ तीन बच्चे रह रहे हैं। शव को सेक्टर 6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार महिला के सिर पर और चेहरे पर गहरी चोट के निशान हैं।
मौके पर से महिला का मोबाइल बरामद नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से मृतका के जूते भी मिले हैं। शव के पास काफी खून फैला हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या उसी जगह कर शव को फेंक दिया गया। पुलिस यह पता कर रही है कि वह किन लोगों के संपर्क में रही और कहां कहां रह रही थी। पुलिस पति से भी पूछताछ कर रही है और उसके जानकारों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।