JMM नेता हेमंत सोरेन कल ले सकते हैं मुख्यमंत्री पद की शपथ, चंपई सोरेन ने दिया इस्तीफा

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राजभवन जाकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। उनके साथ हेमंत सोरेन और विधायक प्रदीप यादव और विनोद सिंह भी मौजूद थे।

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में उच्च न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तारी के लगभग पांच महीने बाद 28 जून को जेल से रिहा कर दिया गया था। हेमंत सोरेन ने 31 जनवरी को अपनी गिरफ्तारी से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यपाल से शपथ ग्रहण का समय मिलने की जानकारी आगे दी जाएगी। राजभवन से बाहर निकले विधायकों और मंत्रियों ने कहा कि कल शपथ ग्रहण हो जायेगा। समय की जानकारी राजभवन से मिलेगी।

चंपई सोरेन ने राजभवन से बाहर आने के बाद कहा, "मैंने झामुमो नीत गठबंधन के फैसले के अनुसार इस्तीफा दे दिया है। हमारा गठबंधन मजबूत है।" उन्होंने कहा, "सभी जानते हैं कि हेमंत सोरेन जी के साथ क्या हुआ था। गठबंधन सहयोगियों ने मुझे जिम्मेदारी दी थी। अब, गठबंधन ने हेमंत सोरेन जी के पक्ष में फैसला किया है।

झारखंड में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि चंपई सोरेन ने आपको सब कुछ बता दिया है...हम आपको सब कुछ विस्तार से बताएंगे. हमने सभी प्रक्रियाओं का पालन किया है..."

जेएमएम नेता हेमंत सोरेन जेल से बाहर आने के बाद एक बार फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से शपथग्रहण के लिए समय मांगा है। सोरेन आज देर रात या गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।