राष्ट्रीय SC आयोग के अध्यक्ष का इस्तीफा; विजय सांपला ने छोड़ा पद, BJP के बड़े नेताओं में गिनती, जानिए क्या कारण?

Vijay Sampla Resigns As National SC Commission Chairman
Vijay Sampla Resigns: पंजाब बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। विजय सांपला के अचानक यूं इस्तीफे से कई अटकलें खड़ी हो गईं हैं। हालांकि, सांपला का कहना है कि उन्होने अपने निजी कारणों के चलते यह बड़ा फैसला लिया है। वह अब राष्ट्रीय एससी आयोग के अध्यक्ष नही रहेंगे। बता दें कि, विजय सांपला फरवरी 2021 से राष्ट्रीय एससी आयोग के अध्यक्ष बने हुए थे। वह यहां दो बार अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए गए।
कोई और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है
फिलहाल, विजय सांपला कुछ भी कहें लेकिन यह माना जा रहा है कि, 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए विजय सांपला से इस्तीफा ले लिया गया है। बीजेपी हाईकमान अब विजय सांपला कोई और बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। ऐसा माना जा रहा है कि, संवैधानिक पद से मुक्त करने के बाद विजय सांपला को बीजेपी एक बार फिर से पंजाब की राजनीति में सक्रिय करेगी। सांपला एससी समुदाय का प्रमुख चेहरा हैं और इसीलिए उन्हें जमीनी स्तर पर राजनीति के लिए उतारा जाएगा। होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से सांपला को फिर से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
2014 में होशियारपुर से जीते थे विजय सांपला
बतादें कि, 2014 से 2019 तक विजय सांपला होशियारपुर से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। इस दौरान बीजेपी ने उन्हें केंद्र में भी जगह दी। सांपला को केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री बनाया गया। हालांकि, विजय सांपला ने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। लेकिन वह पंजाब बीजेपी के अंदर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे।
1998 में बीजेपी में शामिल हुए विजय सांपला
1961 में पंजाब के जालंधर जिले में जन्मे 62 साल के विजय सांपला राजनीति में आने से पहले खेतों में मजदूर और प्लंबर के रूप में काम किया है। इसके बाद सांपला 1998 में बीजेपी पार्टी में शामिल हुए। वहीं सांपला की राजनीतिक यात्रा उनके सोफी गांव (जालंधर जिले) के सरपंच चुने जाने के बाद शुरू हुई। सांपला ने भाजपा की पंजाब इकाई में कई प्रमुख पदों पर काम किया।