BJP और कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के लिए उतरे,वार-पलटवार भी हुआ शुरू
- By Arun --
- Saturday, 29 Apr, 2023

Veteran leaders of BJP and Congress for election campaign
नगर निगम चुनाव को लेकर अब दिग्गज नेता प्रचार में उतर गए हैं। कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेता लगातार वार्डों में लोगों से मिल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक दिन नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए दिया। अब कांग्रेस से हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ल भी नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए शिमला पहुंचे हैं। इस दौरान पत्रकार वार्ता कर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने शुक्रवार को भी सात से आठ वार्डों में जाकर कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने का आह्वान किया। सुक्खू शहर के विकास का दावा कर रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रचार में लगातार पसीना बहा रहे हैं।
वह भी रोजाना पांच से सात वार्डों में भाजपा के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी तरह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित कई नेता चुनावी समर में उतरकर प्रचार कर रहे हैं।
पांच साल बाद गली-मोहल्ले में दिख रहे नेता
आम जनता को पांच वर्ष बाद गली-मोहल्ले में बड़े नेता दिख रहे हैं। आम जनता जो नेताओं को मीडिया के माध्यम से ही देख पाती थी उन्हें अब गली-मोहल्लों में देख रही है। राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर के नेता भी चुनाव प्रचार में पसीना बहा रहे हैं।
चुनाव प्रचार में उतरे जयराम ठाकुर
शिमला, जागरण संवाददाता। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी नगर निगम शिमला के चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। उन्होंने कहा कि बालूगंज का हर नागरिक मुझसे परिचित है। इस वार्ड को विकासशील बनाने के लिए भाजपा ने शानदार काम किए हैं। निश्चित तौर पर हमारी पूर्व पार्षद का इसमें अहम योगदान रहा है। मुझे विश्वास है कि टुटू, कच्चीघाटी, बालूगंज वार्ड के मतदाता इस बार भी ऐतिहासिक जीत के साथ भाजपा को क्षेत्र की सेवा करने का मौका देंगे।
उन्होंने कहा कांग्रेस जब सत्ता में थी तो उन्होंने शिमला के विकास के लिए कोई काम नहीं किया और पिछले पांच वर्ष में भाजपा शासित नगर निगम ने करोड़ों रुपये के काम कर शिमला का अभूतपूर्व विकास दिया। आज कांग्रेस पार्टी के नेता जनता के बीच जाकर उन्हें गुमराह करने का काम कर रहे हैं। अगर कांग्रेस पार्टी ने शिमला शहर के लिए कुछ किया है तो उसका ब्यौरा जनता के सामने रखें। नगर निगम क्षेत्र में और स्थान चयनित कर रैन बसेरा और लेबर हास्टल बनाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा शहर के अन्य विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाएंगे।
कांग्रेस नेता ने किया जनता से वादा
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल ने कहा है कि शिमला को कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय शहर की तरह विकसित करेगी। नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा को पूर्व सरकार या फिर पांच साल के निगम के कार्यकाल में किए कार्यों के नाम पर वोट मांगने चाहिए, लेकिन भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फोटो का सहारा लेकर वोट मांगने पड़ रहे हैं। राजीव शुक्ल शुक्रवार को राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा ट्रिपल इंजन की सरकार भी शिमला शहर का विकास नहीं करवा पाई। पानी के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था करते हुए शिमला के गौरव को लौटाया जाएगा।