फर्जी FD के जरिए करोड़ों की ठगी, 3.90 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड वरुण त्यागी गिरफ्तार

Noida FD Fraud Case
नोएडा। Noida FD Fraud Case: नोएडा प्राधिकरण की 200 करोड़ की एफडी में ब्याज दर बढ़वाने के नाम पर सेंधमारी करने में शामिल पहेली बना 25 हजार का इनामी व मास्टरमाइंड वरूण त्यागी को नोएडा क्राइम ब्रांच व सेक्टर 58 थाना पुलिस ने शुक्रवार को दिल्ली मानसरोवर पार्क स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व में गिरफ्तार नौ आरोपितों के साथ मिलकर फर्जीवाडा किया था। गिरोह में संलिप्त नौ आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके मोबाइल से सभी त्यागी नाम के नंबर निकालकर जानकारी जुटाई गई। फोटो से पहचान कराकर पुलिस आरोपित तक पहुंची।
दो फर्जी एफडी 100-100 करोड़ रुपये की तैयार कराई
पुलिस के मुताबिक वरुण को गिरोह में शामिल सुधीर ने गाजियाबाद दुहाई के बैंक ऑफ इंडिया से खाली एफडी पेपर उपलब्ध कराए थे। वरुण ने दो फर्जी एफडी 100-100 करोड़ रुपये की तैयार कराई थीं। वरूण इंटीरियर व कंस्ट्रक्शन का काम करने के कारण प्राधिकरण में आता जाता था। इसलिए वरुण प्राधिकरणकर्मी बनकर एफडी कराने का आफर लेकर नोएडा सेक्टर 62 की बैंक ऑफ इंडिया शाखा में गया था।
आरोपित अब्दुल खादर समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया
इसके बाद ब्याज दर ज्यादा दिलाने के ऑफर लेकर बैंककर्मी बन नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों से मिला। बैंक व प्राधिकरण से प्रक्रिया शुरू कराने के बाद सेक्टर 18 के एचडीएफसी बैंक से 3.90 करोड़ ट्रांसफर हुए। उसके बाद नौ करोड़ रुपये ट्रांसफर करने पर बैंक को शक हो गया था। फर्जीवाड़ा खुलने पर बैंक के मुख्य वित्त व लेखाधिकारी ने सेक्टर 58 थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सीसीटीवी में दिखे व पैसे निकालने वाले आरोपित अब्दुल खादर समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
प्राधिकरण के सीसीटीवी में एक संदिग्ध और दिखा
पुलिस की जांच में बैंक व प्राधिकरण के सीसीटीवी में एक संदिग्ध और दिखा था, लेकिन उसके बारे में त्यागी से इतर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पा रही थी। सितंबर 2024 में दिल्ली से गिरफ्तार गिरोह का मास्टरमाइंड मनु भोला को पकड़ा तो भी उससे और उसके मोबाइल से भी त्यागी नाम ही पता चल पाया था।
पौने दो साल से चल रहा था फरार
अक्टूबर 2024 में गिरफ्तार हुए घटना में संलिप्त गौरव शर्मा से त्यागी से दोस्ती होने का पता चला। 20-25 मोबाइल नंबर से जानकारी जुटाई गई तो कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई। डीसीपी क्राइम गौतमबुद्धनगर शक्ति माेहन अवस्थी ने बताया कि आरोपित करीब पौने दो साल से फरार चल रहा था। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अन्य फरार आरोपितों की तलाश में टीम जुटी हैं।
दस धरे, दो की तलाश
नोएडा पुलिस एफडी फर्जीवाड़े में अब्दुल खादर, राजेश पांडेय, सुधीर मुरारी, राजेश बाबू, मनु भोला, त्रिदिब दास, राहुल मिश्रा उर्फ गौरव शर्मा, अजय कुमार पटेल पर शिकंजा कस चुकी है। अब दसवां आरोपित वरुण कुमार त्यागी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। अभी भी मामले से जुड़े देवांग व उमेश पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
यह है पूरा घटनाक्रम
- 21 जून 2023 : नोएडा प्राधिकरण ने बैंक को पत्र लिखकर 200 करोड़ रुपये जमा कराने को लेकर पत्राचार किया।
- 23 जून 2023 : बैंक में खाता खोलने के बाद मेल और फिजिकल लेटर प्राधिकरण को मिला।
- 26 जून 2023 : सेक्टर 18 के एचडीएफसी बैंक और सेक्टर 62 के इंडियन बैंक से बैंक ऑफ इंडिया में पैसा ट्रांसफर कराया गया।
- 27 जून 2023 : 100-100 करोड़ के दो नकली एफडी प्राधिकरण को मिली, लेकिन शक नहीं हुआ।
- 28 जून 2023 : प्राधिकरण के केंद्रीय लेखा में दस्तावेज भेजे गए।
- 30 जून 2023 : केंद्रीय लेखा विभाग के शक होने पर हुआ, लेकिन आगे दो दिन और छुट्टी हो गई।
- 03 जुलाई 2023 : बैंक से पत्राचार करने दौरान नौ करोड़ निकाले जाने को लेकर फाेन आया। बैंक में संपर्क के दौरान 30 जून को 3.90 करोड़ निकाले जाने का पता चला।
- 04 जुलाई 2023 : बैंक आफ इंडिया के मुख्य वित्त व लेखाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने शाखा अधिकारी व कर्मचारी, अब्दुल खादर व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
- जुलाई 2023: पैसे निकालने वाले आरोपित अब्दुल खादर समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
- जून 2024 : भागे हुए मास्टर माइंड के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी हुआ।
- अगस्त 2024 : मास्टरमाइंड पर 25 हजार का इनाम घोषित।