अमेरिका से निकाले गए भारतीयों में 2 चंडीगढ़ के; हरियाणा और पंजाब समेत किस राज्य से कितने? आज अमेरिकी विमान अमृतसर लैंड
US Military Aircraft Carrying Deported Indians Lands in Amritsar Airport
Deported Indians in Amritsar: अवैध भारतीय प्रवासियों के पहले जत्थे को लेकर अमेरिका का C-17 मिलिट्री विमान आज बुधवार दोपहर अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड कर चुका है। इसमें अमेरिका से निकाले गए यानि डिपोर्ट किए गए 104 अवैध भारतीय प्रवासी भारत पहुंचे हैं।
वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये सभी अवैध भारतीय प्रवासी भारत के 5 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। इनमें से सबसे अधिक संख्या हरियाणा और गुजरात के लोगों की है। वहीं इसके बाद पंजाब और सबसे कम दो लोग केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ से हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लोग भी शामिल हैं।
हरियाणा और पंजाब समेत किस राज्य से कितने?
अमेरिका से भारत भेजे गए अवैध भारतीय प्रवासियों की जो लिस्ट सामने आई है। उसके मुताबिक, हरियाणा से 33 लोग हैं, पंजाब से 30 लोग हैं, गुजरात से 33 लोग हैं। उत्तर प्रदेश से 3 लोग हैं, महाराष्ट्र से 3 लोग हैं। जबकि चंडीगढ़ से 2 लोग शामिल हैं। इस प्रकार भारत आए अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों की संख्या कुल 104 है।
अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करता अमेरिकी विमान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमृतसर एयरपोर्ट पर अमेरिका से आए सभी अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर सारी जांच प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिन जगहों के भी लोग हैं। वहां पुलिस-प्रशासन से संपर्क किया गया है और जानकारी दी गई है। सभी लोगों को अमृतसर एयरपोर्ट से ही उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
भारत की कूटनीति को बड़ा झटका
भारतीयों को लेकर अमेरिका के इस एक्शन से यह माना जा रहा है कि, यह भारत की कूटनीति को बड़ा झटका है। इस एक्शन से अमेरिका और भारत के संबंध में आने वाले समय में कैसे रहते हैं। फिलहाल यह गौर करने वाली बात होगी। लोगों का कहना है कि, भारत को इस संबंध में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भारतीयों का पक्ष रखना चाहिए था। क्योंकि इंसान अपनी जान दांव पर लगाकर इसलिए बाहर जाता है क्योंकि नई संभावनाओं की तलाश कर सके। वह एक सीढ़ी ऊपर चढ़ सके। अब जो अमरीका से डिपोर्ट किए गए युवा हैं, उनका दर्द कौन समझेगा।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद कार्रवाई जारी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिका ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर करना शुरू कर दिया है। बड़े पैमाने पर अमेरिका से अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। जहां इसी कड़ी में अवैध भारतीय प्रवासियों को भी वापस भारत भेजा जा रहा है। गौरतलब है कि, राष्ट्रपति ट्रंप की वॉइट हाउस में दोबारा वापसी के बाद अवैध भारतीय प्रवासियों को देश से निकालने की यह पहली कार्रवाई है।
बता दें कि, दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप ने कई कड़े फैसले लेने शुरू किए। जिसमें एक बड़ा फैसला अमेरिका से अवैध भारतीय को देश से बाहर निकालना था। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस कार्रवाई में अमेरिकी सेना की मदद ली है ताकि यह कार्रवाई बड़े पैमाने पर प्रभावी हो सके। बताया जाता है कि, अवैध भारतीय प्रवासियों के मुद्दे को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ चर्चा की थी।
ट्रंप ने कहा था कि भारत अमेरिका से अपने अवैध प्रवासियों को वापस लेने के मामले में सही कदम उठाएगा। वहीं भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि, अमेरिका के हम उन्हीं अवैध प्रवासियों को वापस लेंगे जिनके पास भारत की नागरिकता होगी और भारत की कोई पहचान होगी। ट्रंप की यह कार्रवाई सिर्फ भारत पर ही नहीं बल्कि अन्य कई देशों पर भी देखी जा रही है।
अमेरिका में 18 हजार अवैध भारतीय प्रवासियों की लिस्ट तैयार
ट्रंप ने अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा डिपोर्टेशन करने का वादा किया था। बताया जता है कि, जिसके बाद इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इन्फोर्समेंट (ICE) ने विभिन्न देशों के 15 लाख अवैध प्रवासियों की लिस्ट तैयार की। इस लिस्ट में करीब 18 हजार भारतीय भी शामिल हैं। इन सभी को भारत भेजा जाना है। अभी अवैध भारतीय प्रवासियों का पहला जत्था आया है।
13 फरवरी को ट्रंप-मोदी की मुलाकात!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Pm Narendra Modi) के वॉइट हाउस जाने की खबरें सामने आ रहीं हैं। बताया जा रहा है कि, 13 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप में मुलाक़ात हो सकती है। इससे पहले हाल ही पिछले महीने डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी की फोन पर बातचीत हुई थी। बताया गया था कि, वॉइट हाउस के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक बातचीत हुई और दोनों देशों के बीच सहयोग को लेकर चर्चा की गई।
अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर इमर्जेंसी लागू
राष्ट्रपति ट्रंप अवैध प्रवासियों को लेकर बहुत कड़े रुख में हैं। ट्रंप ने साफ कह दिया है कि जो भी लोग अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं, उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए इमर्जेंसी तक लागू कर दी है। अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर अतिरिक्त सैनिक तैनात किए गए हैं और अवैध प्रवासियों को भेजने के बीच उनके ठहराव के लिए सैन्य अड्डों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं भारत के अलावा मैक्सिको, कोलम्बिया, कनाडा, ग्वाटेमाला, पेरू, होंडुरास समेत कई अन्य देशों के अवैध प्रवासियों को बाहर निकाला गया है।