Vinesh Phogat Disqualify- विनेश फोगाट पर संसद में स्टेटमेंट जारी; खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने क्या बताया?

पहलवान विनेश फोगाट पर संसद में सरकार का स्टेटमेंट जारी; खेल मंत्री मंडाविया ने कहा- 100 ग्राम ज्यादा वजन पाए जाने से अयोग्य घोषित

Union Sports Minister Mansukh Mandaviya Statement on Vinesh Phogat Disqualify

Union Sports Minister Mansukh Mandaviya Statement on Vinesh Phogat Disqualify

Vinesh Phogat Disqualify: आज भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट की चर्चा पूरे देश में ज़ोरों पर है। पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने से पूरा देश स्तब्ध रह गया है। वहीं इस झटके के बाद विनेश फोगाट बेहद टूट चुकी हैं। दरअसल, 50 किलोग्राम महिला वर्ग कुश्ती के फाइनल मुकाबले से पहले विनेश ओवरवेट पाई गईं। विनेश का वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक (लगभग 100 ग्राम) पाया गया। जिसके चलते वह डिसक्वालीफाई हो गईं। वहीं अब भारत सरकार ने भी पहलवान विनेश फोगाट पर संसद में अपना आधिकारिक स्टेटमेंट जारी कर दिया है। जिसमें यह जानकारी दी गई है कि, विनेश फोगाट 100 ग्राम ज्यादा वजन पाए जाने से अयोग्य घोषित हुईं हैं।

खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने विनेश फोगाट पर बयान जारी किया

संसद के लोकसभा सदन में सांसदों की मांग पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने विनेश फोगाट पर बयान जारी किया है। खेल मंत्री मंडाविया ने कहा- 50 किलोग्राम महिला वर्ग कुश्ती के फाइनल मुकाबले में तय वजन से 100 ग्राम ज्यादा वजन मिलने से विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक से बाहर होना पड़ा है और वह फाइनल में हिस्सा नहीं ले पाईं हैं। खेल मंत्री ने कहा कि, चूंकि विनेश फोगाट 50 किलोग्राम महिला कुश्ती स्पर्धा में खेल रहीं थीं। जिसके लिए उनका वजन 50 किलो होना अनिवार्य था। लेकिन जब यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के नियमों के तहत जब आज फाइनल खेलने वाले पहलवानों का वजन सुबह 7 बजकर 15 मिनट और 7 बजकर 30 मिनट पर तौला गया तो इस दौरान विनेश फोगाट का वजन 50 किलो 100 ग्राम पाया गया और इसके बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।

हमने कड़ा विरोध दर्ज किया है- खेल मंत्री

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने आगे कहा कि, भारतीय ओलंपिक संघ ने यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा अभी पेरिस में हैं, प्रधानमंत्री ने खुद उनसे बात की है और उन्हें उचित कार्रवाई करने को कहा है। वहीं खेल मंत्री ने जानकारी दी कि, सरकार ने विनेश फोगाट को हर प्रकार से संभव सहायता और सुविधा उपलब्ध कराई है। विनेश को उनकी आवश्यकता अनुसार निजी स्टाफ सहित हर सुविधा प्रदान की गई है। विनेश के साथ हंगरी के विख्यात कोच और फिजियोथेरेपिस्ट विशेषज्ञ हमेशा मौजूद हैं।

देखिए वीडियो

 

विनेश फोगाट को झटका, भारत की उम्मीदें चूर-चूर हुईं

अयोग्य घोषित होने से विनेश न केवल फाइनल से बाहर हो गईं हैं, बल्कि वह मेडल से भी चूक गईं हैं। विनेश फोगाट कुश्ती के जबरदस्त फ़ॉर्म में थीं। जिसे देखते हुए विनेश फोगाट से गोल्ड मेडल की पूरी उम्मीद जताई जा रही थी। वहीं सिल्वर मेडल तो पक्का ही माना जा रहा था। लेकिन पता नहीं विनेश फोगाट को किसकी नज़र लग गई। ऐसा होने से जहां विनेश फोगाट को तो तगड़ा झटका लगा ही है, साथ ही भारत की उम्मीदें चूर-चूर हुईं हैं।

PM Modi ने विनेश फोगाट के लिए जारी किया बयान

पहलवान विनेश फोगाट ओलंपिक फाइनल से बाहर होने के चलते इस समय टूट चुकी हैं। पूरे देश से उन्हें हिम्मत बधाई जा रही है। जहां इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विनेश फोगाट की हौंसला अफजाई की है। पीएम मोदी ने विनेश फोगाट को 'चैंपियनों में चैंपियन' बताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए लिखा- "विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज की असफलता दुखद है। काश मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूँ। साथ ही मैं जानता हूँ कि आप लचीलेपन की प्रतिमूर्ति हैं। चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। मजबूत होकर वापसी करो! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"

विनेश फोगाट के अयोग्य होने को साजिश करार दे रहे कुछ लोग

वहीं विनेश फोगाट के अयोग्य होने के पीछे साजिश का मुद्दा भी खूब गर्म है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने बयान सामने आ रहे हैं। जिसमें कहा जा रहा है कि, विनेश फोगाट के अयोग्य करने के पीछे साजिश रची गई है। यहां तक की काँग्रेस, आम आदमी पार्टी के नेताओं और सपा के नेताओं ने साजिश की बात कही है। सपा मुखिया और सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि, ''विनेश फोगाट के फ़ाइनल में न खेल पाने की चर्चा के तकनीकी कारणों की गहरी जाँच-पड़ताल हो और सुनिश्चित किया जाए कि सच्चाई क्या है और इसके पीछे की असली वजह क्या है।''

वहीं आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि, ये विनेश का नही देश का अपमान है, विनेश फोगाट पूरी दुनिया में इतिहास रचने जा रही थी, उनको 100 ग्राम ओवरवेट दिखाकर अयोग्य घोषित करना घोर अन्याय है। पूरा देश विनेश के साथ खड़ा है, भारत सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे, अगर बात ना मानी जाए तो ओलंपिक का बहिष्कार करे। इसके साथ संजय सिंह ने कहा कि, विनेश फोगाट भारत की बहादुर बेटी है। विनेश ने 4 बार की विश्व चैंपियन को मात दी। अब वो Final में पहुंच गईं तो उनका 100 ग्राम वजन ज़्यादा बता दिया गया।

संजय सिंह ने कहा कि, भारत की बेटी Final में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने जा रही थी और यह कुछ लोगों को पसंद नहीं आया और उनके ख़िलाफ़ साज़िश रच दी गई। भारत सरकार को इसमें तुरंत हस्तक्षेप करके कहना चाहिये कि अगर भारत की बेटी का अपमान करोगे तो हम ओलंपिक का बहिष्कार करेंगे। यह देश और देश की बेटी विनेश फोगाट के साथ घोर अन्याय है।

वहीं आप मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि,  विनेश के मामले में सभी कह रहे हैं- बड़ी साज़िश है। भाजपा कहती है प्रधानमंत्री का डंका पूरे विश्व में बज रहा है, वो देशों में युद्ध रुकवा देते हैं। विनेश के लिये उनकी कोई नहीं सुन रहा? ओलंपिक प्रमुख से बात करें।