किंगपिन अभी बाहर है, जल्द आएगा नंबर... दिल्ली शराब घोटाले में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का बड़ा बयान, CM केजरीवाल पर इशारा...

Union Minister Anurag Thakur on Arvind Kejriwal in Delhi Liquor Policy Case
Delhi Liquor Policy Case: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का एक बड़ा बयान सामने आया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि, दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले ने अरविंद केजरीवाल को शर्मसार कर दिया है। लोग अरविंद केजरीवाल पर हंस रहे हैं और उनके चेहरे का तनाव देख रहे हैं। जिसके उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, शिक्षा मंत्री जेल में हो तो और क्या होगा?
ठाकुर ने कहा कि, ये वही लोग हैं जो भ्रष्टचार मुक्त भारत का नारा देकर सत्ता में आए थे। लेकिन ये खुद भ्रष्टचार में डूबे हुए पाये गए हैं। आज अरविंद केजरीवाल के नेता, मंत्री और विधायक-सांसद जेल में जा रहे हैं। अब संजय सिंह भी जेल में जाएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि, जिस-जिस को अरविंद केजरीवाल ईमानदारी का सर्टिफिकेट बांटते रहे वे 1 साल से जेल में हैं, लेकिन किंगपिन अभी बाहर ही है, जल्द ही किंगपिन का नंबर भी आएगा.. जांच चल रही है। ठाकुर ने बिना नाम लिए केजरीवाल पर इशारा करते हुए कहा कि, अगली किसकी बारी है, यह मीडिया की हेडलाइन बनने की तैयारी है।
छापेमारी के बाद ED ने संजय सिंह को उठाया
बता दें कि, ED की टीम बीते बुधवार को सुबह से ही संजय सिंह के घर पहुंच गई थी और छापेमारी कर रही थी। इस दौरान संजय सिंह से पूछताक्ष की गई। इसके बाद शाम तक खबर आ गई कि ED ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। मालूम रहे कि, इसी मामले में पहले से ही आप नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं। सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है।
कुछ नहीं मिला, आकाओं के कहने पर गिरफ्तार कर लिया
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर उनके पिता दिनेश सिंह ने कहा कि ED की टीम ने घर में लंबे समय तक छापेमारी की लेकिन टीम को कुछ नहीं मिला। दिनेश सिंह ने कहा कि अगर किसी को कुछ नहीं मिल रहा, तो वह लंबा टटोलेगा ही। ED को कुछ नहीं मिला, इसलिए छापेमारी में समय लगा। दिनेश सिंह ने कहा कि, संजय सिंह की गिरफ्तारी सिर्फ और सिर्फ ऊपर बैठे आकाओं के कहने पर की गई है। ED ने वही किया जो कहा गया।
केजरीवाल बोले- मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि, पीएम मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। आज़ाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं पीएम मोदी। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनकी जांच होगी तो देखना कितने भ्रष्टाचार के मामले निकल आएंगे। केजरीवाल ने कहा कि, संजय सिंह ने उनके भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ सबसे बुलंद आवाज़ की थी इसीलिए गिरफ्तारी करवा दी। लेकिन संजय सिंह शेर हैं, वह घबराने वाले नहीं हैं। हम डरेंगे नहीं, फिर जो भी खामियाजा भुगतना पड़े।
वहीं आप मंत्री आतिशी ने कहा, "मैं BJP, उनके प्रवक्ता और उनकी एजेंसियों को चुनौती देती हूं कि कोई भी प्रमाण रखें और बताएं एक रुपया भी जो संजय सिंह के घर से मिला हो, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया... वे बताएं कि उन्हें संजय सिंह के घर से कितने सोने के बिस्किट, कितनी नकदी मिली?... उन्हें संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला..." संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल ग़ैर क़ानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे।
विपक्ष बोला- ED-CBI बीजेपी की शाखा
इधर, आप के साथ-साथ अन्य विपक्षी पार्टियां भी संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पीएम मोदी और उनकी सरकार को घेरने में लग गई हैं। विपक्षी पार्टियों का कहना है कि, सच बोलने के लिए ये बदला लिया जा रहा है। कोई सच बोलेगा तो उसके पीछे बीजेपी की ED-CBI शाखा पीछे पड़ जाती है। लेकिन ये तानाशाही अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली... जनता सब देख रही है और चुनाव में इसका हिसाब करेगी॥
- anurag thakur on delhi liquor policy case
- union minister anurag thakur
- anurag thakur on arvind kejriwal
- kejriwal in delhi liquor policy case
- aap mp sanjay singh arrest
- ed arrests aap mp sanjay singh
- delhi excise policy case
- aap mp sanjay singh arrested by ed
- delhi liquor policy case
- aap mp sanjay singh ed raid