Ukraine's air strike in Russia destroys oil depot

रूस में यूक्रेन की एयर स्ट्राइक, ऑयल डिपो तबाह

Ukrain-jang

Ukraine's air strike in Russia destroys oil depot

कीव/मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच जंग 37वें दिन भी जारी है। रूसी हमलों के जवाब में अब यूक्रेन की आर्मी ने रूस के शहर पर हमला किया है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रूस के पश्चिमी शहर बेलगोरोड गवर्नर का कहना है कि शुक्रवार को यूक्रेन के 2 हेलिकॉप्टरों ने उनके यहां ऑयल डिपो पर एयरस्ट्राइक की। इस हमले में दो लोग घायल हो गए।

इस में जंग में दोनों देश की सेना के साथ आम लोगों को भी जान माल का भारी नुकसान हो रहा है। यूक्रेन के प्रोसिक्यूटर जनरल ऑफिस के मुताबिक, रूसी हमले में अब तक 153 बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि 245 से ज्यादा बच्चे घायल हैं।

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रूसी सेना ने 24 फरवरी को चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट पर कब्जा कर लिया था। यहां से अब रूसी सैनिकों ने पीछे हटना शुरू कर दिया है। अधिकारी ने बताया, सैनिक चेर्नोबिल से दूर जा रहे हैं और बेलारूस में प्रवेश कर रहे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन पर हमले के मद्देनजर फ्यूल की बढ़ती कीमतों को कम करने के लिए अगले छह महीनों तक रोज 10 लाख बैरल तेल जारी करने की घोषणा की है। व्हाइट हाउस ने कहा कि यूक्रेन में सैन्य आक्रमण के कारण रूस पर अमेरिका समेत कई देशों के आर्थिक प्रतिबंधों से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं।

यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री के मुताबिक, अब तक रूसी सेना ने 1,370 मिसाइलें दागी हैं और यूक्रेन के 15 हवाई अड्डों को तबाह कर दिया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि लगातार हो रही रूसी बमबारी में अब तक 148 बच्चों की मौत हुई है। रूस की सेना ने यूक्रेन के द्निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में स्थित सैन्य बेस पर हमला किया है। यूक्रेनी मीडिया के अनुसार यहां के गवर्नर वैलेंटिन रेजनिचेंको ने कहा कि हमले में दो लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं। 

ब्रिटेन ने यूक्रेन में जंग के बारे में दुष्प्रचार और गलत जानकारी फैलाने के आरोप में एक दर्जन से अधिक रूसी मीडिया हस्तियों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। ब्रिटिश विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि ये प्रतिबंध ‘पुतिन की फर्जी खबरों को परोसने वाले प्रचारकों’ पर लगाए गए हैं।