Sunil Jakhar in Delhi: सुनील जाखड़ पहुंचे दिल्ली; इस्तीफे को लेकर पंजाब BJP प्रभारी विजय रूपाणी का आया बड़ा बयान

सुनील जाखड़ पहुंचे दिल्ली; इस्तीफे को लेकर पंजाब BJP प्रभारी विजय रूपाणी का आया बयान, जानिए क्या कहा? सियासी हलचल तेज

Sunil Jakhar in Delhi Resigns Punjab BJP In-Charge Vijay Rupani

Sunil Jakhar in Delhi Resigns Punjab BJP In-Charge Vijay Rupani

Sunil Jakhar in Delhi: पंजाब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के इस्तीफे का खंडन किया जा चुका है। दरअसल, 27 सितंबर को जाखड़ के इस्तीफे खबरें चलने लगीं। जिसके बाद बीजेपी ने एक बयान जारी किया और कहा कि, सुनील जाखड़ ने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। लेकिन बीजेपी के बयान के बाद भी जाखड़ को लेकर सियासी हलचल तेज है और उनके इस्तीफे को लेकर चर्चाओं का बाजार अभी भी गर्म है। इसी बीच जाखड़ के दिल्ली जाने से उनके इस्तीफे की चर्चाएं और ज्यादा ज़ोर पकड़ रहीं हैं।

दरअसल, सुनील जाखड़ दिल्ली पहुंचे हुए हैं और इस समय वहीं हैं। कहा जा रहा है कि, जाखड़ इस्तीफा देने गए हैं। हालांकि, पंजाब BJP प्रभारी विजय रूपाणी ने जाखड़ के इस्तीफे को लेकर मीडिया में अलग बयान दिया है। रूपाणी ने कहा कि, सुनील जाखड़ ने इस्तीफा नहीं दिया है। वह अभी भी पंजाब बीजेपी प्रमुख हैं और पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है।

विजय रूपाणी ने कहा कि, पंजाब के अंदर आने वाले चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही पार्टी लड़ेगी। जाखड़ के इस्तीफे की खबरें मीडिया में चल रहीं अफवाहें मात्र हैं। पंजाब बीजेपी बैठकों में जाखड़ के शामिल न होने को लेकर रूपाणी ने कहा कि, जाखड़ अभी दिल्ली गए हुए हैं, वे अपने निजी काम से दिल्ली गए हैं। वह आगामी बीजेपी की बैठकों में जरूर शामिल होंगे।

4 जुलाई 2023 को पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष बने जाखड़

लगभग 1 साल पहले 4 जुलाई 2023 को बीजेपी हाईकमान ने पंजाब में बड़ा फेरबदल किया था। हाईकमान ने दिग्गज नेता सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) को पंजाब बीजेपी का नया चीफ (Punjab BJP Chief) बनाया था। यानि सुनील जाखड़ अब पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी दी गई थी। पहले यह अहम पद अश्वनी शर्मा संभाल रहे थे। उस समय सुनील जाखड़ ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया था।

जाखड़ ने कहा था कि, पार्टी हाईकमान ने उनपर भरोसा जताकर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। अब उनकी भी यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वे पार्टी के सभी लोगों को एक साथ लेकर चलें। उनकी यह इच्छा है कि पंजाब में बीजेपी का परचम लहराए और पंजाब के हितों पर पहरा रखा जा सके। जाखड़ ने कहा था कि, वह पंजाब के हितों और हर पंजाबी की आकांक्षाओं की रक्षा के लिए अथक प्रयास करेंगे।

आपको बतादें कि, सुनील जाखड़ बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी (BJP National Executives Committee) का भी हिस्सा हैं। जाखड़ को दिसंबर 2022 में बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया था। जाखड़ के साथ पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य नियुक्त हुए थे।

14 मई को कांग्रेस छोड़ने का ऐलान

ध्यान रहे कि, सुनील जाखड़ ने 14 मई 2022 को बड़ा सियासी विस्फोट किया था। अपने खिलाफ नोटिस जारी होने से आहत पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने फेसबुक पर लाइव आकर अपने दिल की बात कही थी। दिल की बात में जाखड़ ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। वहीं इसके पहले पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान सक्रिय रजनीति से दूरी बना ली थी। जाखड़ ने कहा था कि वह अब सक्रिय रजनीति में नहीं रहेंगे। लेकिन इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए। जहाँ से जाखड़ की नई राजनीतिक भूमिका शुरू हुई।

19 मई 2022 को बीजेपी में शामिल हुए जाखड़

कांग्रेस के दिग्गज व काफी पुराने नेता और पंजाब कांग्रेस इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) 19 मई 2022 को बीजेपी में शामिल हुए थे। जाखड़ ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और तमाम नेताओं की मौजूदगी में पार्टी का दामन (Sunil Jakhar joins BJP) थामा था।

अबोहर सीट से तीन बार विधायक रहे सुनील जाखड़

सुनील जाखड़ पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष रहे बलराम जाखड़ के बेटे हैं। 1954 में अबोहर के पंजकोसी गांव में जन्मे सुनील जाखड़ 2002 से 2017 के बीच अबोहर से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। वहीं, जाखड़ 2017 में अबोहर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे।

गुरदासपुर लोकसभा सीट से भी लड़े

सुनील जाखड़ ने 2017 में सांसद विनोद खन्ना की मृत्यु के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट से सफलतापूर्वक उपचुनाव भी लड़ा था। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान जाखड़ को गुरदासपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार और अभिनेता सनी देओल से 82,000 से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

बतादें कि, पंजाब में सुनील जाखड़ की एक बड़े हिन्दू नेता के रूप में पहचान है। इसके अलावा जाखड़ अन्य वर्ग को भी साधने में माहिर हैं। जाखड़ का कुशल और शांत और साफ-सुतरा व्यक्तित्व सब पर अपना असर करता है।