शिमला में लैंडस्लाइड से हाहाकार; शिव मंदिर पर पहाड़ गिरा; पूजा करने आए 20 से ज्यादा लोग मलबे में दबे, अब तक 9 लाशें निकलीं, रेस्क्यू जारी

Shimla Summer Hill Landslide Near Shiv Mandir
Shimla Summer Hill Landslide: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भयानक लैंडस्लाइड से कई जिंदगियां तबाह हो गईं हैं। सोमवार सुबह यहां समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर के पास अचानक पहाड़ टूट गया। जिसके बाद पहाड़ का मलबा शिव मंदिर और उसके आसपास आ गिरा। वहीं मलबे में शिव मंदिर के दबने के साथ कई लोग भी दब गए। 20 से ज्यादा लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है। दबे लोगों को सुरक्षित मलबे से निकालने के लिए मौके पर पुलिस-प्रशासनिक टीमों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं रेस्क्यू ओपरेशन के दौरान अब तक 9 लोगों की लाशें बरामद की जा चुकी हैं। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद 9 लोगों की मौत की जानकारी दी है।

CM सुक्खू खुद मौके पर पहुंचे
लैंडस्लाइड के बाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद मौके पर पहुंचे हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा ले रहे हैं। सीएम ने रेस्क्यू टीमों को बचाव ऑपरेशन तेज करने को कहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा जिंदगियां बचाई जा सकें। सीएम सुक्खू ने मौके पर पूरी स्थिति का निरीक्षण भी किया है। सीएम ने कहा कि, शिमला के समरहिल में शिव मंदिर के पास इस तरह की घटना बेहद दुखद है। जान बचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार फंसे हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जायदा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश हो रही है। सीएम ने कहा कि, भारी बारिश के कारण हुई इस विनाशकारी घटना से जिन लोगों की जान गई है। मैं उनके लिए दुःख व्यक्त करता हूं।
हिमाचल CM सुक्खू का जनता के नाम संदेश
हिमाचल CM सुक्खू ने जनता के नाम संदेश भी जारी किया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, पिछले 48 घंटों से लगातार भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में फिर से त्रासदी हुई है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कई लोगों की जान चली गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों के अंदर ही 21 लोगों की मृत्यु हुई है। मैं निवासियों और पर्यटकों से भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों से बचने की अपील करता हूं। लोग घर के अंदर रहें, नदियों और भूस्खलन-संभावित क्षेत्रों के पास न जाएँ। बहाली का काम बारिश रुकते ही शुरू किया जाएगा। बता दें कि, हिमाचल में बारिश की मार और आफत को देखते हुए CM सुक्खू लगातार सभी जिला उपायुक्तों से स्थिति की पल-पल जानकारी ले रहे हैं। भारी बारिश के मद्देनजर हिमाचल सरकार ने शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है।