चंडीगढ़ के पास यहां स्वयं प्रकट हुए भगवान शिव; सैकड़ों वर्ष पुराने इस मंदिर का चमत्कारिक इतिहास, महाभारत के पांडवों ने भी की यहां पूजा

Saketri Shiv Mandir Full Story near Chandigarh Panchkula
Saketri Shiv Mandir Story: जिस प्रकार भगवान शिव को 'सावन का महीना' सबसे प्रिय है। ठीक उसी प्रकार 'महाशिवरात्रि' का दिन भी भोलेनाथ का बेहद खास है। भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए यह सबसे उत्तम दिन है। 'महाशिवरात्रि' पर महादेव की विधि-विधान से पूजा करने पर हर मनोरथ की पूर्ती हो जाती है। इस बार 'महाशिवरात्रि' का पर्व 26 फरवरी 2025 को मनाया जा रहा है। आइये इस मौके पर आपको एक ऐसे मंदिर के बारे में जानकारी देते हैं। जहां भगवान शिव स्वयं प्रकट हुए थे। ऐसी मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है।
चंडीगढ़ के पास स्थित है सकेतड़ी शिव मंदिर
भगवान शिव का यह चमत्कारिक मंदिर 'सकेतड़ी शिव मंदिर' है। चंडीगढ़ के पास पंचकूला के सकेतड़ी गांव में शिवालिक पहाड़ियों के साथ स्थित इस शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ स्वयंभू है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस स्थान पर महाभारत काल में अपने अज्ञातवास के दौरान पांडव आए थे और उन्होंने यहां पूजा-अर्चना की थी। पांडवों की तपस्या से खुश होकर महादेव यहां स्वयं प्रकट हुए और उन्हें साक्षात दर्शन दिये। इसके बाद भोलेनाथ यहां पिंडी के रूप में हमेशा के लिए स्थापित हो गए थे। यह पिंडी आज भी सकेतड़ी शिव मंदिर में विद्यमान है।
सैकड़ों वर्ष पुराने इस मंदिर की महिमा अद्भुत
सकेतड़ी में इस प्राचीन ऐतिहासिक शिव मंदिर की महिमा बेहद अद्भुत है। सैकड़ों वर्ष पुराने इस मंदिर में चंडीगढ़, पंचकूला या हरियाणा-पंजाब के लोग ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों से लोग बड़ी संख्या में यहां दर्शन को पहुंचते हैं। खासकर सावन और महाशिवरात्रि के त्योहार पर तो यहां की रौनक देखने लायक होती है. क्योंकि तब भारी संख्या में लोग भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे होते हैं और अपनी मन्नत भोलेनाथ से कहते हैं। वहीं कई लोग मन्नत पूरी हो जाने पर महादेव का आभार व्यक्त करने भी यहां आते हैं। मंदिर में हर रोज आने वाले लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था भी रहती है।
माता मनसा देवी मंदिर से कुछ दूरी पर सकेतड़ी शिव मंदिर
पंचकूला में एक और प्रसिद्ध मंदिर है और वो है माता मनसा देवी मंदिर। वहीं सकेतड़ी का शिव मंदिर (Saketri Shiv Mandir) प्रसिद्ध माता मनसा देवी मंदिर से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। माता मनसा देवी मंदिर के पास से ही सकेतड़ी शिव मंदिर को सीधा रास्ता गया है। वहीं सकेतड़ी शिव मंदिर चंडीगढ़ मुख्य शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर पड़ता है। सकेतड़ी शिव मंदिर (Saketri Shiv Mandir) आप अपने निजी वाहन या बस और आटो से भी जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें