रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आएंगे भारत; यूक्रेन से युद्ध के बाद यह पहला दौरा, प्रधानमंत्री मोदी इसी साल 2 बार रूस दौरा कर चुके

Russian President Vladimir Putin To Visit India Soon
President Putin Visit India: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत के दौरे पर आएंगे। क्रेमलिन की ओर से इस बारे में आधिकारिक तौर से यह जानकारी दी गई है। क्रेमलिन प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने एक बयान में कहा है कि, राष्ट्रपति पुतिन जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। हम उनके दौरे को लेकर शेड्यूल पर काम कर रहे हैं। जल्द ही शेड्यूल की घोषणा कर दी जाएगी। प्रेस सचिव ने कहा कि, सभी क्षेत्रों में भारत और रूस के बीच संबंध मजबूत हो रहे हैं और लगातार घनिष्ठ होते जा रहे हैं। साथ ही पीएम मोदी और पुतिन अच्छे दोस्त भी हैं।
यूक्रेन से युद्ध के बाद यह पहला दौरा
यूक्रेन के साथ महायुद्ध (Russia-Ukraine War) शुरू होने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार भारत की यात्रा पर होंगे। बताया जा रहा है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब हाल ही में रूस के कज़ान में आयोजित 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शिरकत की थी तो उस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था। जिसके बाद अब रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत आने को तैयार हैं। पुतिन आखिरी बार साल 2021 में भारत के दौरे पर आए थे।
प्रधानमंत्री मोदी इसी साल 2 बार रूस दौरा कर चुके
गौरतलब है कि, प्रधानमंत्री मोदी इसी साल 4 महीनों के अंतराल में 2 बार रूस दौरा कर चुके हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अक्तूबर को दो दिनों के लिए रूस दौरे पर गए थे और रूस की अध्यक्षता में कज़ान में आयोजित 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शिरकत की थी। इस दौरान पीएम मोदी की रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी मुलाक़ात हुई थी।
वहीं इस साल पहली दफा पीएम मोदी 8 जुलाई को भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय मॉस्को दौरे पर पहुंचे थे। वह फ़रवरी, 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद पहली बार मॉस्को के दौरे पर थे। यानि उन्होंने यूक्रेन जंग के बाद पहली बार रूस का दौरा किया था।
पीएम मोदी के मॉस्को पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया था। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉस्को में राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। जहां राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों ने एक-दूसरे को गले भी लगाया।
PM मोदी को रूस का सबसे बड़ा सम्मान
पीएम मोदी और पुतिन के गले लगने की चर्चा भी हो रही थी। वहीं, क्रेमलिन में पीएम मोदी के लिए प्राइवेट डिनर का आयोजन भी किया था। इसी के साथ पुतिन ने PM मोदी को अपने गोल्फ कार्ट में बिठाया। इस दौरान पुतिन खुद ड्राइव करते दिखे। इसके बाद वे उन्हें अपने अस्तबल भी ले गए। इसी के साथ पीएम मोदी को रूस का सबसे बड़ा सम्मान भी दिया गया था। राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को देश के सबसे बड़ा सम्मान सेंट एंड्रयू द एपोस्टल की उपाधि दी गई थी। पीएम ने इस उपाधि को प्राप्त करने के बाद खुद को गौरवान्वित बताया था।
इससे पहले पीएम मोदी 2019 में रूस गए थे। तब वे 20वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने व्लादिवोस्तोक गए थे। हालांकि तब वे मॉस्को नहीं गए थे। मोदी 9 साल बाद मॉस्को पहुंचे थे। इससे पहले मोदी और व्लादिमिर पुतिन की आखिरी मुलाकात 2022 में उज्बेकिस्तान की राजधानी समरकंद में SCO समिट के दौरान हुई थी। पुतिन 2023 में भारत में हुए जी-20 सम्मेलन के लिए नहीं आए थे। इससे पहले भारत-रूस के बीच आख़िरी वार्षिक समिट नई दिल्ली में छह दिसंबर 2021 को हुआ था, तब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भारत दौरे पर थे।