'रामायण' के 'राम' के साथ हादसा; अरुण गोविल को जीप ने मारी टक्कर, फिल्म की शूटिंग कर रहे थे

Ramayan Fame Arun Govil Injured In Accident During Film Shoot
Ramayan Fame Arun Govil Injured: रामानंद सागर (Ramanand Sagar) वाली 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल के साथ एक हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि, अरुण गोविल अपनी नई फिल्म 'नोटिस' की शूटिंग कर रहे थे कि इसी दौरान एक जीप ने उन्हें तेज टक्कर मार दी। जिसके चलते वह घायल हो गए। हालांकि, अरुण गोविल को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। वह ठीक हैं।
अरुण गोविल को कैसे लग गई टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में लगे सेट पर चल रही थी। इस दौरान यहां पर अरुण गोविल फिल्म में अपना सीन शूट कर रहे थे। सीन में जीप का हिस्सा भी शामिल था। जहां इस बीच जीप का रिवर्स गेयर लग गया और अरुण गोविल को टक्कर लग गई। अरुण गोविल के साथ हुए इस हादसे के बाद मौके पर हर कोई घबरा गया और सभी उनकी मदद के लिए दौड़े। हालांकि, अरुण गोविल ने घायल होने के बावजूद शूटिंग नहीं रोकी। कुछ देर रुककर उन्होने दर्द में ही शूटिंग पूरी की। शूट के दौरान वह काफी दर्द में थे।
राम के रूप में घर-घर मशहूर हैं अरुण गोविल
आपको मालूम रहे कि, 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने के बाद से अरुण गोविल घर-घर मशहूर हो गए थे। उन्हें राम के प्रतिरूप में देखा जाने लगा। बहुत से लोगों ने अरुण गोविल के राम रूप की तस्वीरें अपने पूजा घरों में रख लीं और पूजने लगे। आज भी लोग अरुण गोविल को भगवान राम के रूप में ही देखते हैं। अरुण गोविल के साथ-साथ दीपिका चिखलिया का सीता रोल भी खूब पसंद किया गया था। दीपिका चिखलिया के सीता रूप को भी लेकर लोगों में आदर-वंदन है.

OMG 2 में दिखे थे अरुण गोविल
पिछले दिनों रिलीज़ हुई फिल्म OMG 2 में अरुण गोविल को देखा गया था। इस फिल्म में अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की मुख्य भूमिका थी। वहीं अरुण गोविल की आने वाली फिल्म 'नोटिस' 2024 में रिलीज होगी। 'नोटिस' को प्रदीप गुप्ता ने डायरेक्ट किया है।