Rahul Gandhi Haryana Rally: हरियाणा चुनाव में अब राहुल गांधी की एंट्री; आज पहले दौरे में 2 रैलियों को संबोधित करेंगे

हरियाणा चुनाव में अब राहुल गांधी की एंट्री; आज पहले दौरे में 2 रैलियों को संबोधित करेंगे, कुमारी शैलजा भी होंगी चुनावी प्रचार में सक्रिय

Rahul Gandhi Haryana Election Rally Today Vidhan Sabha Chunav 2024

Rahul Gandhi Haryana Election Rally Today Vidhan Sabha Chunav 2024

Rahul Gandhi Haryana Rally: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो रखा है। चुनावी प्रचार में तेजी देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बीजेपी के लिए हरियाणा के चुनावी रण में उतरे हुए हैं। वहीं अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी हरियाणा के चुनावी प्रचार में एंट्री मारने जा रहे हैं। राहुल गांधी आज से हरियाणा में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। वह कांग्रेस के लिए मांगेंगे। कांग्रेस के बड़े राष्ट्रीय नेताओं ने अभी तक हरियाणा में चुनाव प्रचार नहीं किया है।

हरियाणा में अपने इस पहले चुनावी दौरे में राहुल करनाल और हिसार में 2 रैलियों को संबोधित करेंगे। राहुल की पहली रैली में दोपहर 1 बजे करनाल के असंध में होनी है। जबकि दूसरी रैली हिसार के बरवाला में 2:40 बजे आयोजित की गई है। जानकारी के मुताबिक, राहुल की दोनों ही रैलियों में हरियाणा कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक साथ मंच पर मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि, असंध रैली में राहुल के साथ कुमारी शैलजा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला एक ही मंच पर दिखेंगे।

Rahul Gandhi Haryana Rally

 

कहां से कौन उम्मीदवार?

राहुल की पहली चुनावी रैली जिस असंध सीट के लिए हो रही है। उस सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा विधायक शमशेर गोगी को फिर से मैदान में उतारा है। गोगी को कुमारी शैलजा का करीबी माना जाता है। वहीं बात अगर बरवाला विधानसभा सीट की करें तो यहां पर कांग्रेस ने राम निवास घोड़ेला को उम्मीदवार बनाया है। घोड़ेला को भूपेंद्र हुड्डा का करीबी माना जाता है। माना जा रहा है कि, राहुल की बरवाला रैली में कुमारी शैलजी की मौजूदगी तय नहीं है। इस रैली में भूपेंद्र हुड्डा मौजूद रहेंगे।

कुमारी शैलजा भी होंगी चुनावी प्रचार में सक्रिय

पहले टिकट बंटवारे में तरजीह न मिलना और इसके बाद अपने खिलाफ कांग्रेस के अंदर से दलित जातिगत टिप्पणियों का आना। इससे कुमारी शैलजा नाराज बनी हुईं थीं। जिसके चलते उन्होंने चुनाव प्रचार से दूरी बना ली थी। कुमारी शैलजा के चुनाव प्रचार में न उतरने से कई सवाल भी खड़े हो रहे थे। इसमें कांग्रेस भी घिरी हुई नजर आ रही थी। कुमारी शैलजा विवाद के कारण हरियाणा में कांग्रेस का चुनाव प्रचार भी प्रभावित हुआ। फिलहाल, कुमारी शैलजा एक बार फिर चुनावी प्रचार में सक्रिय होंगी। शैलजा को आज तीन से चार रैलियों को संबोधित करेंगी।

कुमारी शैलजा जॉइन कर रहीं BJP या नहीं; भाजपा के ऑफर पर दिया अपना जवाब, कांग्रेस में नाराजगी पर बोलीं- कुछ अंदरूनी बातें होती हैं

हरियाणा में करीब 20 फीसदी दलित वोट

शैलजा के अपमान से हरियाणा का दलित समाज भी अपना गुस्सा जाहिर कर रहा है। ऐसे में कहीं न कहीं कांग्रेस हाईकमान और हरियाणा में हुड्डा गुट में खलबली मची हुई है। कुमारी शैलजा हरियाणा में कांग्रेस का सबसे बड़ा दलित चेहरा हैं और हरियाणा में करीब 20 फीसदी दलित वोट हैं। इस लिहाज से कांग्रेस के लिए शैलजा का प्रचार करना काफी अहम हैं। हरियाणा में करीब 20 फीसदी दलित वोट हैं।

हरियाणा में अनुसूचित जातियों के लिए 17 सीटें रिजर्व हैं लेकिन उनका 35 से 37 सीटों पर असर है। हरियाणा में 15 से ज्यादा सीटें कुमारी शैलजा के प्रभाव वाली मानी जाती हैं। फिलहाल अंदरूनी कलह के कारण कांग्रेस को कोई नुकसान न हो जाए। इसलिए पार्टी एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ये संदेश देने की कोशिश कर रही है कि पार्टी में ऑल इज वेल।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। जबकि वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। यानि 8 अक्टूबर के दिन उम्मीदवारों की तकदीर और बदलती तस्वीर का निर्णय हो जाएगा। साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि हरियाणा की जनता ने अबकी बार किसको सत्ता सौंपी है। गौरतलब है कि, इलेक्शन कमीशन (ECI) ने हाल ही में विधानसभा चुनाव के शेड्यूल में बदलाव किया था। इलेक्शन कमीशन (ECI) की ओर से नया शेड्यूल जारी किया गया। इससे पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी थी और 4 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाना था।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन 90 सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं। वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जहां लोग वोट डालने के लिए आएंगे।

हरियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।

किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।