न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने किया सफीदों न्यायालय परिसर का दौरा

Justice Nidhi Gupta visited Safidon Court Complex

Justice Nidhi Gupta visited Safidon Court Complex

वकील वकालत को पेशा न समझकर उसे जिम्मेदारी के तौर पर अपनाएं: न्यायमूर्ति निधि गुप्ता

सफीदों, (विनय दीवान): Justice Nidhi Gupta visited Safidon Court Complex: पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने शनिवार को सफीदों न्यायालय परिसर का दौरा किया और अदालतों में रखे लंबित मामलों तथा सब डिवीजन स्तर पर लगाई गई राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्रवाई व प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर एडीजे जयवीर सिंह, सीजेएम जयबीर, अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन कम सब डिविजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अमनदीप, जूनियर मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अमित नैन, जेएमआईसी अनीषा विशेष रूप से मौजूद रहे। अपने संबोधन में न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मामलों का निपटारा करें। कई बार जानकारी के अभाव में लोगों को लोक अदालतों की कार्यप्रणाली के बारे में ज्ञान नहीं होता, ऐसे में उनको इस प्रणाली से अवगत कराएं और आपसी समझौते से हो सकने वाले मामलों में लोक अदालतों में ज्यादा से ज्यादा मामले रखने के प्रयास करें। लोगों को बताएं कि लोक अदालत में सस्ता व सुलभ न्याय मिलता है तथा इसकी प्रक्रिया बिल्कुल साधारण है, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से केस का निपटारा किया जाता है, जिससे आमजन के धन व समय की बचत होती है। लोक अदालतों में बैंक लोन, वाहन दुर्घटना, एनआई एक्ट, फौजदारी, रेवेन्यू, वैवाहिक जैसे विवादों का निपटारा किया जाता है। उन्होंने सफीदों कोर्ट में चल रहे लंबित मामलों पर संज्ञान लेते हुए कहा कि इनका जल्दी निपटान करें ताकि लोगों के समय व धन की बचत हो, बार बार अदालत में आने के जोखिम से राहत मिले और त्वरित न्याय मिल सके।

बार एसोसिएशन में किया गया न्यायमूर्ति निधि गुप्ता का स्वागत

न्यायाधीश न्यायमूर्ति निधि गुप्ता का बार एसोसिएशन द्वारा बार रूम में स्वागत किया गया। बार एसोसिएशन प्रधान एडवोकेट कुनाल अग्रवाल, उपप्रधान रोहित तनेजा, सचिव नरेंद्र शर्मा व सहसचिव एडवोकेट अन्नु सैनी व अन्य पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति का शॉल व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और मांगपत्र देकर उन्हे अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने न्यायाधीश को अवगत करवाते हुए बताया कि सफीदों बार एसोसिएशन में 325 सदस्य है, जबकि 63 परिसर चेंबर है। इसके लिए यहां चैंबर बनवाने की भी मांग की। न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने वकीलों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि वकील वकालत को पेशा न समझकर जिम्मेदारी के तौर पर अपनाएं। न्यायिक प्रक्रिया में जितनी महत्वपूर्ण भूमिका न्यायपालिका की होती है, उतनी ही जरूरी भूमिका अधिवक्ताओं की भी होती है। ऐसे में बार व बेंच के बीच संबंध स्टिक होने चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं का हमें सम्मान करने के साथ-साथ उनके अच्छे अनुभवों तथा तजुर्बों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने सिद्धांतों से समझौता न करें ताकि आम जनता का अदालत प्रक्रिया में विश्वास बना रहे। उन्होंने अधिवक्ताओं को अदालत में पैरवी के दौरान सकारात्मक, तथ्य आधारित, अच्छी एवं सच्ची दलीलें पेश करने की नसीहत दी ताकि अदालत की गरिमा बनी रहे। इसके उपरांत न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने न्यायिक परिसर के प्रांगण में पौधारोपण किया।

न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने ऐतिहासिक नागक्षेत्र मंदिर में की पूजा-अर्चना

न्यायमूर्ति निधि गुप्ता शनिवार प्रातः: सीधे नगर के ऐतिहासिक महाभारतकालीन नागक्षेत्र मंदिर में पहुंचख्ी। न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने वहां सभी मंदिरों के दर्शन किए। उन्होंने वैदिक मंत्रोचारण के बीच शिवलिंग पर जलाभिषेक किया तथा मां दुर्गा प्रतिमा के सम्मुख शीश नवाया। मंदिर के पुजारियों ने न्यायमूर्ति निधि गुप्ता का मां दुर्गा की चुनरी ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। दर्शनों के उपरांत न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने मंदिर के इतिहास को जाना। उन्होंने कहा कि उन्हे इस ऐतिहासिक स्थल पर आकर काफी अच्छा लगा और वे यहां से एक सकारात्मक ऊर्जा अपने साथ ले जा रही है।