केजरीवाल 'पंजाब सीएम' बनने जा रहे? सवाल पर भगवंत मान ने दिया ये जवाब, नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अब साफ हुई तस्वीर, जानिए

CM Bhagwant Mann Gave Answer on Become Arvind Kejriwal Punjab CM
Arvind Kejriwal Punjab CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा। पार्टी को दिल्ली में बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि, खुद पार्टी सुप्रीमो और पूर्व दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल अपनी सीट नहीं बचा पाए। इस करारी हार के बाद से अब केजरीवाल न तो सीएम हैं और न तो विधायक। ऐसे में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की शुरू हो गई कि अब केजरीवाल करेंगे क्या?
वहीं क्या करने के इस सिलसिले में एक बात उभरकर सामने आने लगी कि, केजरीवाल अब 'पंजाब सीएम' बनने जा रहे हैं। वह भगवंत मान से इस्तीफा लेकर खुद पंजाब के सीएम बन जाएंगे। ये चर्चा उस दौरान और ज्यादा गरम हो गई। जब अभी हाल ही में 11 फरवरी को अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सीएम भगवंत मान समेत सभी विधायकों को दिल्ली तलब कर लिया। इस बैठक से कई तरह के राजनीतिक संदेश जाने लगे।
हालांकि, जब बैठक खत्म हुई तो सीएम मान ने ये जानकारी दी कि, केजरीवाल ने उनकी सरकार को पंजाब में लोगों से जुड़कर और तेजी से उनके काम करने को कहा है।
केजरीवाल 'पंजाब सीएम' बनने जा रहे? मान का जवाब
वहीं केजरीवाल के 'पंजाब सीएम' बनने की चर्चा ज़ोरों से फैलने पर अब भगवंत मान ने स्पष्ट बयान दिया है। इस प्रकार की चर्चा को भगवंत मान ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के पंजाब के सीएम बनने की केवल अफवाह उड़ाई जा रही है, इसमें थोड़ी सी भी सच्चाई नहीं है।
बता दें कि, दिल्ली चुनाव के बाद पंजाब में चल रहे नेतृत्व परिवर्तन के कयासों के बीच पहली बार मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुलकर बात की है। मान ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। ऐसी चर्चाएं निराधार है, इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
वहीं इससे पहले सीएम भगवंत मान ने दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए पंजाब के AAP के बिखराव को भी खारिज कर दिया था। पंजाब के आप संगठन में टूट और नेताओं के इधर-उधर जाने को लेकर सीएम भगवंत मान ने कहा कि, पंजाब में हमारे कार्यकर्ताओं में कोई असंतोष नहीं है, हमारे नेताओं को किसी बात का लालच नहीं है, इसलिए कोई कहीं नहीं जा रहा है। ऐसी बातें जो कह रहे हैं, उनको कहने दो।
पंजाब को विकास का एक नया मॉडल बनाएंगे
सीएम भगवंत मान ने कहा था कि, पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में बहुत काम कर रही है, चाहे बिजली का क्षेत्र हो या शिक्षा का या फिर कोई और। हर तरफ आप काम कर रही है। लोगों का पैसा लोगों पर लगा रही है। पंजाब के कामों में हमें और भी तेजी लानी है। इलसिए हम दिल्ली की टीम के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे। आज हमारी दिल्ली और पंजाब की टीम ने मिलकर फैसला किया है कि हम पंजाब को विकास का एक नया मॉडल बनाएंगे और देश को दिखाएंगे। पंजाब एक मॉडल स्टेट बनेगा।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी को मिलीं 22 सीटें
2013 से दिल्ली की सत्ता में काबिज रहने वाली आम आदमी पार्टी को इस बार दिल्ली की जनता ने बड़ा झटका दे दिया। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी की सीटें काफी ज्यादा गिर गईं। इस बार आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटें ही जीतने में कामयाब हो सकी।
वहीं बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि पिछले चुनाव 2020 में बीजेपी मात्र 8 सीटें ही जीतने में कामयाब हो पाई थी और वहीं आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इस बार आप 62 से 22 पर आ गई और बीजेपी 8 से 48 पर चली गई।
यह भी पढ़ें...