Punjab Property Registry: पंजाब CM भगवंत मान ने दी खुशखबरी; बिना NOC करा पाएंगे प्लॉट-मकान की रजिस्ट्री

पंजाब CM भगवंत मान ने LIVE आकर दी खुशखबरी; दिवाली पर इन लोगों को बड़ा तोहफा, बिना NOC करा पाएंगे प्लॉट-मकान की रजिस्ट्री

Punjab Property Registry Will Be Done without NOC CM Bhagwant Mann News

Punjab Property Registry Will Be Done without NOC CM Bhagwant Mann News

Punjab Property Registry: दिवाली के मौके पर पंजाब सीएम भगवंत मान ने एक बड़ी खुशखबरी दी है। सीएम ने सोशल मीडिया पर LIVE आकर बताया है कि, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब अपार्टमेंट-प्रॉपर्टी रेगुलेशन (संसोधन) विधेयक-2024 को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद ये विधेयक अब कानून बनकर पूरे पंजाब में लागू हो गया है।

सीएम ने कहा कि, ''प्लॉट-मकान की रजिस्ट्री कराने के लिए NOC की शर्त थी। जिसमें लोगों को दिक्कत होती थी। क्योंकि रजिस्ट्री से पहले NOC लेनी पड़ती थी। लेकिन अब खुशखबरी यह है कि, इस कानून के तहत पंजाब में रजिस्ट्री से एनओसी की शर्त खत्म कर दी गई है। अब बिना NOC के भी प्लॉट-मकान की रजिस्ट्री हो सकेगी।

सीएम ने कहा कि, इससे उन लोगों को बड़ा फायदा होने जा रहा है जो अवैध कच्ची कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई से प्लॉट-मकान लेकर बैठे हैं। अब ऐसी कॉलोनियों में रहने वाले लोग अपने मकान-प्लॉट के कानूनन मालिक बन पाएंगे और उन्हें बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी मिल पाएंगी। सीएम ने कहा कि, इस दिवाली पर लाखों घरों में खुशियां आईं हैं। ये उनके लिए दिवाली का तोहफा है।

आम लोगो की गाढ़ी कमाई सरकार ने बेकार नहीं जाने दी

सीएम भगवंत मान ने कहा, '' आमतौर पर और सरकारें बड़े-बड़े उद्योगपतियों और अमीर लोगों को लाभ पहुंचाने का काम करती रहती हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों के फायदे के बारे में सोचती है। सीएम ने कहा कि, बहुत सारे लोगों ने पंजाब में अपनी ज़िंदगी की कमाई अपने सपनों के साथ कॉलोनियों में प्लॉट-मकान लेने में लगा दी।

लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि, कॉलोनियां अवैध हैं और सरकार से मंजूर नहीं हैं। जिसके चलते न ही उन्हें कोई सुविधाएं मिल पाईं। वह अपने किसी काम के लिए उस प्लॉट-मकान पर कर्जा भी नहीं ले पाये। मगर सरकार ने अब ऐसी कॉलोनियों की जांच की और उनकी गिनती की गई। जिसके बाद ऐसी कॉलोनियों को लेकर कैबिनेट की मंजूरी के बाद सारा मसौदा तैयार हुआ। जिसमें काफी समय लगा। अफसरों ने इस पर काफी काम किया।

सीएम ने कहा कि, इससे संबन्धित बिल विधानसभा में 3 सितम्बर को लाया गया था। वहां से पारित होने के बाद यह बिल राज्यपाल के पास पहुंचा था। जिसे अब मंजूरी मिल गई है। सीएम ने कहा कि, मैं इसके लिए राज्यपाल और सभी अफसरों का धन्यवाद करता हूं। अब लोगों को रजिस्ट्री कराने के लिए NOC की दिक्कत नहीं होगी। कोई रिश्वत भी नहीं देनी पड़ेगी। क्योंकि पहले ये भी शिकायतें आती थीं कि अफसर पैसे लेकर बिना एनओसी के भी रजिस्ट्री कर देते थे। लेकिन अब कोई अफसर या दलाल तंग नहीं कर पाएगा।

अब नहीं कट पाएंगी अवैध कॉलोनियां

सीएम ने कहा कि, पंजाब में अब आगे से अवैध कॉलोनियां न काटी जा सकें। इसके लिए सख्ती की जाएगी और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही लोगों से भी अपील है कि, वे किसी भी कॉलोनी में मकान-प्लॉट लेने से पहले अच्छी तरह से यह जांच लें कि, वह कॉलोनी क़ानूनन वैध है या अवैध। सीएम ने कहा कि, आम आदमी पार्टी ने जो वादा किया था। वो निभाया। आम लोगों के लिए ऐसे और राहत भरे फैसले सरकार द्वारा किए जाते रहेंगे। बस थोड़ा समय जरूर लग जाता है।