पंजाब कैबिनेट में कई बड़े फैसले; फिर हजारों टीचर हो रहे पक्के, नई भर्तियां, कैदियों की रिहाई, जून की इस तारीख को विधानसभा का विशेष सत्र

Punjab Cabinet Decisions Today
Punjab Cabinet Meeting Decisions: चंडीगढ़ के बाहर मानसा में पंजाब कैबिनेट की अहम बैठक हुई है। कैबिनेट की इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैसलों की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री मान ने बताया, जेल में बंद जिन कैदियों की सजा पूरी हो गई है और वो किसी कारण से रिहा नहीं हो पाए तो उन्हें अब रिहा किया जाएगा। वहीं जो ऐसे कैदी हैं। जिनका जुर्म समाज के लिए ज्यादा घातक नहीं हैं। उन्हें रिहा करने की मंजूरी दी गई है। इस संबंध में गवर्नर के पास फाइल भेजी जाएगी। इसके अलावा सबसे बड़ा फैसला कच्चे टीचरों को लेकर लिया गया है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि, 10 साल या 10 साल से ऊपर नौकरी कर चुके टीचरों को पक्का करने का फैसला लिया गया है। इनमें 7902 टीचर ऐसे हैं जो लगातार नौकरी करते आ रहे हैं। लेकिन 6337 टीचर ऐसे हैं जिन्होंने गैपिंग के साथ नौकरी की। लेकिन सरकार इन्हें भी पक्का करेगी। इनकी गैपिंग भी इनके पूरे टेन्योर में जोड़ी जा रही है। इसलिए ये भी पक्के हो जाएंगे और इस प्रकार कुल 14239 कच्चे टीचर पक्के होंगे। पक्के हो रहे टीचरों को सभी सुविधाएं मिलेंगी।
चिट-फंड कंपनी को लेकर बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि, चिट-फंड कंपनी को लेकर भी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब अगर कोई चिट-फंड कंपनी किसी के साथ कोई फर्जीवाड़ा करती है तो उसके प्रबंधकों के लिए 10 साल सजा का प्रावधान होगा। इसके अलावा मान ने बताया कि, हाउस जॉब्स की भर्तियां की जा रहीं हैं। जिनमें फ्रेश MBBS डॉक्टरों और नर्सों की 1880 के करीब भर्तियां होंगी.
आवारा पशुओं के लिए पॉलिसी लाएगी सरकार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि, पंजाब की सड़कों पर आवारा पशुओं की काफी समस्या है। आवारा पशुओं का झुंड खेतों से लेकर सड़कों तक घूमता है और ऐसे में कई एक्सीडेंट होते हैं और लोगों की जान चाली जाती है। भगवंत मान ने कहा कि, आवारा पशुओं के लिए सरकार पॉलिसी लेकर लाएगी। इसके साथ ही अगर कोई हादसा होता है और किसी की जान जाती है तो उसे मुआवजे के तौर पर अब 5 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। पहले यह राशि एक लाख रुपए थी.
19 और 20 जून को विधानसभा का विशेष सत्र
वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की जानकारी भी दी। मान ने बताया कि, 19 और 20 जून को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। विधानसभा के विशेष सत्र में कैबिनेट में लिए गए ये फैसले रखे जायेंगे और पारित कराए जाएंगे।