गोरखपुर में हुक्का बार की आड़ में होता था देह व्यापार, महिला समेत 8 गिरफ्तार
Illegal Prostitution in Gorakhpur
गोरखपुर। Illegal Prostitution in Gorakhpur: शहर में होटल और हुक्का बार की आड़ में चल रहे अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है। यह मामला तब सामने आया जब 2 जनवरी 2025 को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने एक 13 वर्षीय अपहृत किशोरी को बरामद किया।
किशोरी के बयान से पता चला कि उसे जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेला गया था। इसके बाद पुलिस ने शाहपुर के गीता वाटिका स्थित होटल फ्लाइ-इन और उसके हुक्का बार पर छापा मारा। यह छापा एएसपी आसना चौधरी के नेतृत्व में किया गया था।
इस घटना के बाद, 10 और 13 जनवरी को दो अन्य किशोरियों ने होटल संचालक और उसके सहयोगियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। 9 फरवरी को होटल में काम करने वाली एक युवती ने भी शाहपुर थाने में होटल और हुक्का बार के संचालक समेत तीन लोगों के विरुद्ध जबरन देह व्यापार कराने की शिकायत दर्ज करायी।
इस मामले में मानव तस्करी और देह व्यापार की धाराएं जोड़ी गईं, जिसके बाद इसकी विवेचना सीओ कैंट और गोरखनाथ को सौंप दी गई।अब तक 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 15 अन्य संदिग्धों की जांच जारी है। पुलिस की जांच में मोहद्दीपुर, एम्स और गीडा क्षेत्र के चार अन्य होटलों के नाम भी सामने आए हैं, जहां अवैध देह व्यापार संचालित होने की जानकारी मिली है।
पुलिस इन पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। पुलिस की जांच में देवरिया की रहने वाली नंदिनी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है। इसके अलावा होटल संचालकों पर भी शिकंजा कसने के साथ ही जेल गए आरोपितों पर गैंग्सटर की कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है।
पुलिस को मिली थी 70 लड़कियों की तस्वीरें
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह के सरगना व सदस्य मासूम लड़कियों को दोस्ती के बहाने फंसाकर उनकी जिंदगी को नर्क बना रहे थे।रेशमा और हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा इंस्टाग्राम व फेसबुक के जरिए लड़कियों से पहले दोस्ती करते थे, फिर उन्हें हुक्का बार में ले आते जहां नशे की लत लगाकर पहले अपने जाल में फंसाते फिर उन्हें ब्लैकमेल करके देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया जाता था।
हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार कराने वाले गिरोह पर सख्त कार्रवाई होगी।शाहपुर व रामगढ़ताल थाने में गिरोह के सरगना व सदस्यों पर चार अलग-अलग मुकदमें दर्ज हुए हैं। - अभिनव त्यागी,एसपी सिटी
जेल भेजे गए आरोपितों के मोबाइल फोन की जांच करने पर 70 से अधिक लड़कियों की तस्वीरें बरामद हुई हैं। इन तस्वीरों के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इन लड़कियों को अलग-अलग होटलों में भेजा जाता था, जहां उनसे अवैध काम करवाया जाता था। यह नेटवर्क इतना बड़ा था कि इसमें कई होटल और हुक्का बार शामिल थे।
इन लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा, फ्लाइ इन होटल का मालिक अनुराग कुमार सिंह, मोहनापुर के आकाश यादव, बिछिया के रोहित छेत्री और विनय साहनी, आदित्य मौर्या, निखिल सिंह, बस्ती मुंडेरवा के उमरी अहरा निवासी राजन उर्फ वसीम अहमद, हरदोई के विमल और सूरज विश्वकर्मा, रेशमा खान, मुस्कान और श्रेय शुक्ला शामिल हैं। इसके अलावा, चार और होटलों के मालिक व कर्मचारियों पर भी केस दर्ज होने की संभावना है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में 15 और लोगों की संलिप्तता के सबूत मिले हैं।