Priyanka Gandhi- चंडीगढ़ में प्रियंका गांधी की जनसभा आज 3 बजे; पंजाब के फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में रैली के बाद पहुंचेंगी, राहुल हिमाचल में

चंडीगढ़ में प्रियंका गांधी की जनसभा आज 3 बजे; पंजाब के फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में रैली के बाद पहुंचेंगी, राहुल आज हिमाचल में सक्रिय

Priyanka Gandhi Chandigarh JanSabha Live Lok Sabha Election 2024

Priyanka Gandhi Chandigarh JanSabha: लोकसभा चुनाव-2024 के लिए छह चरण की वोटिंग संपन्न हो चुकी है। अब अंतिम सातवें चरण में वोटिंग 1 जून को होगी। ऐसे में अब ज्यादा दिन शेष नहीं है। इसलिए चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहीं राजनीतिक पार्टियों और उनके राजनेताओं ने उन इलाकों में प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। जहां-जहां 1 जून को वोट पड़ेंगे। इसमें चंडीगढ़ भी शामिल है।

चंडीगढ़ में एक तरफ जहां बीजेपी के दिग्गज नेताओं का आना जारी है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के भी बड़े नेता शहर के दौरे पर हैं। आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चंडीगढ़ में हैं और वह यहां जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका यहां कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी के समर्थन में जनसभा करने पहुंचेंगी। सेक्टर-27 स्थित रामलीला ग्राउंड में दोपहर 3 बजे प्रियंका की जनसभा आयोजित की गई है।

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में रैली के बाद पहुंचेंगी

प्रियंका गांधी ने आज सुबह 11 बजे पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में जनसभा की। इसके बाद वह यहां से दोपहर 1 बजे पटियाला के लिए जनसभा करने पहुंची। फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में जनसभा के बाद आज तीसरी जनसभा प्रियंका गांधी चंडीगढ़ में करेंगी। वहीं राहुल गांधी आज हिमाचल प्रदेश पहुंचे हुए हैं और यहां सक्रिय होकर नाहन और ऊना में जनसभा कर रहे हैं।

राहुल ने सुबह 11:45 बजे नाहन में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उनकी हिमाचल में दूसरी जनसभा ऊना में 1:40 बजे आयोजित की गई है। इससे पहले बीते कल राहुल गांधी ने पंजाब के अमृतसर में जनसभा की थी। लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में राहुल की यह पहली जनसभा थी। वहीं पंजाब मे कांग्रेस की जनसभा का आगाज हुआ था।

चंडीगढ़ में प्रियंका का रोड शो कैंसिल किया गया

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को पहले चंडीगढ़ में रोड शो करना था। उनके रोड शो करने का शेड्यूल तय हुआ था। लेकिन प्रियंका का रोड शो अचानक कैंसिल कर दिया गया और उनकी जनसभा आयोजित की गई। इसके पीछे राजनीतिक कारण हो सकते हैं।

लेकिन कांग्रेस का कहना है कि, प्रियंका का रोड शो इसलिए कैंसिल किया गया क्योंकि रोड शो होने से शहर में लोगों को परेशानी हो सकती थी, कई जगह ट्रैफिक जाम हो सकता था। गाड़ियों की भीड़ से प्रदूषण भी होता। इसके अलावा ये भी महसूस किया गया कि लोग प्रियंका गांधी को सुनना चाहते हैं इसलिए अब जनसभा का फैसला लिया गया।

कांग्रेस का कहना है कि, इस जनसभा को लेकर पार्टी में भारी उत्साह है। कार्यकर्ता भी चाह रहे थे कि प्रियंका गांधी चंडीगढ़ आएं और जनसभा करें। बता दें कि, लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर चंडीगढ़ में कांग्रेस के किसी बड़े केंद्रीय नेता की यह पहली जनसभा होगी। वहीं पंजाब में भी प्रियंका की जनसभाएं तय की गई हैं।

चंडीगढ़ में मनीष तिवारी vs संजय टंडन

इस बार चंडीगढ़ में काँग्रेस-आम आदमी पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार मनीष तिवारी और बीजेपी के संजय टंडन में कांटे की टक्कर होने वाली है। दोनों के बीच कड़ा मुक़ाबला है। 4 जून को लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आएगा।

21 मई को आए थे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे