Kolkata Doctor Rape-Murder- ''बस अब बहुत हो गया, मैं निराश और भयभीत हूं''; कोलकाता रेप-मर्डर घटना पर राष्ट्रपति का कड़ा बयान

''बस अब बहुत हो गया, मैं निराश और भयभीत हूं''; कोलकाता रेप-मर्डर घटना पर राष्ट्रपति का बेहद कड़ा बयान, और क्या कहा? जानिए

President of India Droupadi Murmu Kolkata Doctor Rape-Murder Case

President of India Droupadi Murmu Kolkata Doctor Rape-Murder Case

Kolkata Doctor Rape-Murder: कोलकाता में महिला डॉक्टर के रेप-मर्डर को लेकर लोगों का गुस्सा अभी तक ठंडा नहीं हुआ है। लोग लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं कोलकाता की इस हैवानी घटना पर अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपना बेहद कड़ा बयान जारी किया है। राष्ट्रपति ने सख्त अंदाज में कहा कि, बस अब बहुत हो गया, वह इस घटना से निराश और भयभीत हैं। इस घटना ने उन्हें व्यथित कर दिया है। एक सभ्य समाज के अंदर महिलाओं के साथ ऐसे अपराध और अत्याचार कभी मंजूर या बर्दाश्त नहीं किए जा सकते।

देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर राष्ट्रपति ने कहा कि, समाज को अब ईमानदार होने और आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है। खुद से कुछ कड़े सवाल पूछने की जरूरत है। राष्ट्रपति ने कहा है कि कोई भी सभ्य समाज बेटियों और बहनों पर इस तरह के अपराध और अत्याचार की कभी भी अनुमति नहीं दे सकता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की है। राष्ट्रपति ने कहा है कि जब छात्र, डॉक्टर और नागरिक कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, तो उस समय भी अपराधी अन्यत्र शिकार की तलाश में घात लगाए हुए घूम रहे होंगे।

इस विकृति से व्यापक तरीके से निपटना होगा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि निंदनीय मानसिकता हमेशा महिलाओं को कमतर इंसान, कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि निर्भया केस के बाद से 12 वर्षों में, समाज द्वारा अनगिनत बलात्कारों को भुला दिया गया है। यह भूलने की बीमारी घृणित है। राष्ट्रपति ने कहा कि इतिहास का सामना करने से डरने वाले समाज सामूहिक भूलने की बीमारी का सहारा लेते हैं। लेकिन अब समय आ गया है कि भारत इतिहास का सामना करे। राष्ट्रपति ने कहा कि हमें इस विकृति से व्यापक तरीके से निपटना चाहिए ताकि इसे रोका जा सके।

महिला डॉक्टर के साथ बर्बरता से रेप, बेरहमी से हत्या

9 अगस्त को कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (RG Kar Medical College And Hospital) में ऑन ड्यूटी 31 साल की एक ट्रेनी महिला डॉक्टर (PG Trainee Doctor) के साथ बर्बरता से रेप और बेरहमी से हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था। महिला डॉक्टर के शरीर से कपड़े गायब थे। खून बह रहा था। शरीर में चोटों के निशान थे। इस घटना के बाद कोलकाता समेत देशभर के डॉक्टर्स में नाराजगी बढ़ गई थी और वे हड़ताल पर चले गए थे। वहीं इस घटना पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था। घटना को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है।