अब राहुल गांधी 'भारत न्याय यात्रा' करेंगे; इन 14 राज्यों से होकर गुजरेगी, 6 हजार 200 किलोमीटर लंबी होगी, इस तारीख से होगी शुरू

Politics News Bharat Nyay Yatra By Rahul Gandhi After Bharat Jodo Yatra
Bharat Nyay Yatra By Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अब 'भारत न्याय यात्रा' करने जा रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से आज इस संबंध में घोषणा कर दी गई। राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत न्याय यात्रा' 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू होगी और यह यात्रा 20 मार्च को मुंबई जाकर खत्म होगी। इस बीच 'भारत न्याय यात्रा' देश के 14 राज्यों को कवर करेगी। यह यात्रा 6 हजार 200 किलोमीटर लंबी होगी। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दूसरे चरण में 'भारत न्याय यात्रा' की जा रही है।
भारत के लोगों को न्याय दिलाना है- जयराम रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी भारत न्याय यात्रा निकालने वाली है। 14 जनवरी से लेकर 20 मार्च तक 6 हजार 200 किलोमीटर लंबी यह यात्रा 14 राज्यों से होकर गुज़रेगी। मणिपुर से शुरुआत होगी और मुंबई में समाप्त होगी। जयराम रमेश ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने तीन अहम मुद्दे उठाए थे। पहला आर्थिक विषमता, दूसरा सामाजिक धुर्वीकरण और तीसरा मुद्दा था राजनीतिक तानशाही का।
लेकिन भारत जोड़ो यात्रा अब जब भारत न्याय यात्रा में तब्दील हो गई है तो इस कड़ी में आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय की बात होगी। लोकतन्त्र को बचाना है, संविधान को बचाना है, महंगाई और बेरोजगारी से जो करोड़ों परिवार जूझ रहे हैं उन्हें उज्ज्वल भविष्य दिखाना है, इसके अलावा जिस तरह से समाज को जो बांटा जा रहा है उसे बचाना है, इसलिए पहले भारत जोड़ो यात्रा भारत जोड़ने के लिए हुई थी और अब भारत न्याय यात्रा भारत के न्याय के लिए होगी। कांग्रेस लोगों को यकीन दिलाएगी कि वह लोगों को आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दिल्ली-जम्मू-कश्मीर समेत 12 राज्य शामिल थे। लेकिन भारत न्याय यात्रा में 14 राज्य शामिल हो गए हैं।
85 जिलों को कवर करेगी भारत न्याय यात्रा
भारत न्याय यात्रा पर कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि इस यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 14 जनवरी को इंफाल में हरी झंडी दिखाएंगे. जिसके बाद यह यात्रा 20 मार्च को मुंबई में जाकर खत्म होगी। वेणुगोपाल ने कहा कि ये यात्रा 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेगी। इसमें मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्य शामिल होंगे। भारत न्याय यात्रा का उद्देश्य-सबके लिए न्याय चाहिए है।