PM Modi: हरियाणा के हिसार में प्रधानमंत्री मोदी; हरियाणवी बोलकर लोगों से 'राम-राम' कहा, हिसार से अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट रवाना की

हरियाणा के हिसार में प्रधानमंत्री मोदी; हरियाणवी बोलकर लोगों से 'राम-राम' कहा, हिसार से अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट रवाना की

PM Narendra Modi Hisar Live Haryana CM Nayab Saini News

PM Modi Hisar Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (14 अप्रैल) को हरियाणा (हिसार और यमुनानगर) के दौर पर हैं। वह सोमवार सुबह हिसार पहुंचे और यहां हिसार हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी। साथ ही हिसार से अयोध्या के लिए पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई। यानि हिसार से एयरपोर्ट से पहली बार अयोध्या के लिए फ्लाइट रवाना की गई है। इस बीच पीएम मोदी ने बाबा साहब अंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन भी किया। साथ ही जनसभा को संबोधित करते हुए हरियाणवी बोलकर लोगों से 'राम-राम' कहा।

हवाई चप्पल वालों ने भी हवाई सफर किया

पीएम मोदी ने कहा कि, बहुत जल्द यहां से देश के और शहरों के लिए फ्लाइट शुरू की जाएंगी। हिसार में एयरपोर्ट के निर्माण से हरियाणा और हरियाणा के लोगों को नई उड़ान मिलने वाली है। मैं इसके लिए हरियाणा और खासकर हिसार के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। पीएम ने कहा कि, मेरा वादा रहा है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज की यात्रा कर पाएगा। 2014 में हमारी सरकार आने के बाद बीते 10 सालों में भारत के करोड़ों लोगों ने पहली बार हवाई सफर किया है।

2000 नए हवाई जहाज भारत आ रहे

पीएम ने कहा कि, हमने वहां भी नए एयरपोर्ट बनाए हैं। जहां कभी अच्छे रेलवे स्टेशन भी नहीं हुआ करते थे। हमारी सरकार आने से पहले देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे और आज देश में इनकी संख्या 150 के पार हो गई है। उड़ान योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। आज तेजी से लोग हवाई यात्रा कर रहे हैं। लोगों की संख्या का हर साल नया रिकॉर्ड बन रहा है। इसीलिए जल्द ही 2000 नए हवाई जहाज भारत आने वाले हैं। जितने ज्यादा नए जहाज आएंगे। लोगों के लिए रोजगार भी उतना ही बढ़ेगा।

कांग्रेस ने बाबा साहब को अपमानित किया

पीएम मोदी ने कहा कि, हमारी सरकार आज गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है और साथ ही सामाजिक न्याय और समानता सुनिक्षित कर रही है। बाबा साहब अंबेडकर की हमेशा से यही इच्छा थी। लेकिन हम यह कभी नहीं भूलेंगे कि कांग्रेस ने बाबा साहब के साथ क्या किया। जब तक बाबा साहब अंबेडकर जीवित थे, तब तक कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया। कांग्रेस ने उन्हें सिस्टम से बाहर रखने की साजिश की। जब वो हमारे बीच नहीं रहे तो कांग्रेस ने उनकी यादों को, उनके विचारों को भी मिटाने की कोशिश की।