PM Modi Womens Security: PM मोदी की सुरक्षा आज महिला सुरक्षाकर्मियों के हाथ में; महिला दिवस पर नारी शक्ति की दिखेगी झलक

PM मोदी की सुरक्षा आज महिला सुरक्षाकर्मियों के हाथ में; महिला दिवस पर नारी शक्ति की दिखेगी झलक, प्रधानमंत्री ने बधाई दी

PM Modi Womens Security

PM Modi Security Charge To Women Security Personnel On Womens Day Today

PM Modi Womens Security: आज (8 मार्च) को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Womens Day 2025) है। यह दिन खासतौर से महिलाओं को समर्पित है। आज के दौर में महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें पुरुषों के बराबर लाने को लेकर कई कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं खुद महिलाएं भी जागरूक होकर आज विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं हैं और पुरुषों से आगे निकलते हुए भी दिख रहीं हैं। जहां इसी नारी शक्ति को एहसास करने के लिए आज महिला दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा महिला सुरक्षाकर्मियों को सौंप दी गई है।

यानि महिला दिवस के मौके पर PM मोदी की सुरक्षा महिला सुरक्षाकर्मियों के हाथ में होगी। दरअसल, पीएम मोदी गुजरात दौरे पर हैं। वह आज महिला दिवस के मौके पर नवसारी में लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जहां गुजरात पुलिस ने इस कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की कमान केवल महिला पुलिसकर्मियों को सौंप दी है। इस दौरान महिला शक्ति को लेकर गर्व का पल देखने को मिलेगा। साथ ही नारी शक्ति की झलक दिखेगी।

गुजरात के गृहमंत्री हर्ष सिंघवी ने जानकारी देते हुए बताया कि, देश के इतिहास में ये पहली बार होगा, जब पीएम मोदी की सुरक्षा की कमान महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गुजरात पुलिस ने अनोखी पहल की है। बता दें कि नवसारी में पीएम मोदी के आने से लेकर कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा तक की जिम्मेदारी महिला पुलिसकर्मियों की ही होगी। यानी पीएम मोदी के हेलीपैड पर उतरने से लेकर जनसभा स्थल तक जाने तक हर जगह महिला पुलिसकर्मी ही पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगी।

पीएम मोदी की सुरक्षा में 3 हजार महिलाएं

बताया जा रहा है कि, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात पुलिस ने खास पहल करते हुए पीएम मोदी की सुरक्षा का जिम्मा करीब 3 हजार महिला पुलिसकर्मियों को सौंपा है। पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए कुल 2,145 महिला कॉनस्टेबल, 61 इंस्पेक्टर, 197 पीएसआई, 19 डीवाईएसपी, 5 एसपी और एक डीआईजी रैंक की महिला अधिकारी को तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी शनिवार को गुजरात के नवसारी में लखपति दीदी कार्यक्रम को संबोधित करने के अलावा दादरा-नगर हवेली, दन और दीव का भी दौरा करेंगे।

PM मोदी की सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज महिलाओं के हाथ में

जहां आज PM मोदी की सुरक्षा महिला सुरक्षाकर्मियों के हाथ में है तो वहीं दूसरी तरफ आज के दिन मोदी की सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज भी महिलाओं के हाथ में है. दरअसल, कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने वादा किया था कि, महिला दिवस के अवसर पर वह एक दिन के लिए अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म महिलाओं के हाथ में देंगे। जिनका संचालन महिलाएं करेंगी। वहीं पीएम मोदी ने आज कहा- आज, जैसा कि वादा किया गया था, मेरी सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज उन महिलाओं द्वारा संभाली जाएंगी जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।

पीएम मोदी ने महिला दिवस बधाई दी

महिला दिवस के अवसर पर आज पीएम नरेंद्र मोदी ने देशभर की महिलाओं को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं। हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है।