Piyush Goyal- मनीष तिवारी से डिबेट क्यों नहीं कर रहे संजय टंडन; केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज वजह बता दी, चंडीगढ़ पहुंचे थे, प्रेस वार्ता की

मनीष तिवारी से डिबेट क्यों नहीं कर रहे संजय टंडन; केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज वजह बता दी, चंडीगढ़ पहुंचे थे, प्रेस वार्ता की

Piyush Goyal Chandigarh Press Conference

Piyush Goyal in Chandigarh: लोकसभा चुनाव अब अपने अंतिम चरण में हैं। जहां ऐसे में चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहीं राजनीतिक पार्टियां अपने प्रचार के लिए तेजी से सक्रिय हो गईं हैं। चंडीगढ़ में भी चुनाव प्रचार तेज हो गया है। बीजेपी के बड़े केंद्रीय नेता चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। बुधवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल चंडीगढ़ पहुंचे और यहां संजय टंडन के समर्थन में प्रेस वार्ता की। इस दौरान गोयल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। वहीं टंडन की तारीफ में कसीदे पढ़ें। इसके साथ ही बार-बार आप-कांग्रेस गठबंधन उम्मीदवार मनीष तिवारी द्वारा संजय टंडन को डिबेट करने को लेकर खुले चैलेंज पर भी पीयूल गोयल ने जवाब दिया।

दरअसल, एक पत्रकार ने जब पीयूष गोयल से सवाल किया कि, मनीष तिवारी लगातार संजय टंडन को डिबेट (Manish Tewari-Sanjay Tandon Debate) करने को लेकर खुली चुनौती दे रहे हैं, मनीष तिवारी ने 30 मई को भी प्रेस क्लब सेक्टर-27 में सुबह 11 बजे संजय टंडन को डिबेट के लिए बुलाया है। इस पर पीयूष गोयल ने कहा- मनीष तिवारी को मैं सलाह दूंगा कि जिस प्रकार की डिबेट करते-करते हमने उन्हें देखा है, उस प्रकार की डिबेट अगर करनी है तो क्या करनी है।

पीयूष गोयल ने कहा कि, मनीष तिवारी बहुत बेबुनियाद डिबेट करते हैं। उनकी डिबेटिंग स्किल ऐसी है कि मैं अपने किसी बीजेपी पार्षद को भी उनके पास डिबेट के लिए न भेजूं। गोयल ने कहा कि, मनीष तिवारी चिंता न करें, चंडीगढ़ सुरक्षित है, चंडीगढ़ का विकास सुरक्षित है, चंडीगढ़ का हर व्यक्ति संजय टंडन को काम करते हुए देख चुका है। लेकिन मनीष तिवारी को चंडीगढ़ में किसने काम करते हुए देखा है। मगर टंडन ने शहर में लोगों की सेवा की है, लेकिन तिवारी बता दें कि, उन्होंने यहां के लोगों के लिए सेवा के चार काम भी किए हैं क्या? जबकि वह कहते हैं कि उनका चंडीगढ़ से 40 साल से संबंध है।

 

हम बचपन के मित्र, साथ रहे

पीयूष गोयल ने कहा कि, मैं और संजय टंडन बचपन से साथ रहे हैं। हमने स्कूलों की छुट्टियाँ एक साथ बिताई हैं। कई सारे अच्छे-बुरे प्रसंगों का अनुभव एक साथ किया है। गोयल ने कहा कि, मुझे याद है कि जब 1984 में गोल्डन टेंपल हरमिंदर साहिब पर हमला हुआ था, जो कि उस समय कांग्रेस की सरकार में राहुल गांधी की दादी ने कराया था। हमले में अकाल तख्त को भी नहीं बख्शा गया था। गोयल ने कहा कि, उन दिनों मैं चंडीगढ़ ही आया हुआ था और कई दिनों तक यहां रुका रहा था।

चंडीगढ़ में रहने वाले सौभाग्यशाली

गोयल ने आगे कहा कि, चंडीगढ़ एक ऐसा शहर है जो देश और विश्व के लिए एक मिसाल है। यह एक व्यवस्थित शहर है। इसलिए वो बहुत सौभाग्यशाली लोग हैं जो चंडीगढ़ जैसे व्यवस्थित शहर में रहते हैं। गोयाल ने कहा कि, सालों साल से चंडीगढ़ का लगातार विकास हो रहा है और आगे चलकर फिर पीएम मोदी के नेतृत्व में चंडीगढ़ के अंदर संजय टंडन के माध्यम से कई सारी योजनाएं लाई जाएंगी और विकास कार्य किए जाएंगे।

तीसरी बार नरेंद्र मोदी की सरकार निश्चित

गोयल ने कहा कि, लोकसभा चुनाव के छह चरण पूरे हो चुके हैं और देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी की सरकार निश्चित है। 400 से अधिक सीटें एनडीए की झोली में शत-प्रतिशत आने वाली हैं। मेरा भ्रमण देश के अलग-अलग इलाकों में रहा है और लगभग सभी जगहों पर लोगों में उत्साह, उमंग, आशीर्वाद और समर्थन की भावना पीएम मोदी और केंद्र में उनके 10 साल के बेदाग कार्यकाल के प्रति देखने को मिली है।

दक्षिण में हम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेंगे

गोयल ने कहा कि, महाराष्ट्र में सभी लोकसभा सीटें बीजेपी जीतने वाली है। इस बार हम दक्षिण में भी ज्यादा से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं। दक्षिण में हमारी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर लगभग उभरेगी। जिन प्रदेशों में हमारी कम सीटें रहती थीं। उन प्रदेशों में इस बार बड़ी संख्या में सीटें आएंगी। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओड़ीशा, तमिलनाडू, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में हमारी ज्यादा से ज्यादा सीटें आने वाली हैं। वहीं इस बार पंजाब में हम अपने बलबूते पर चुनावी मैदान में हैं और वहां भी हमारी ज्यादा से ज्यादा सीटें आएंगी।

गोयल ने कहा कि, पीएम मोदी की सरकार में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के विकास और उनके बेहतर जीवन के लिए कई काम किए गए हैं। सरकारी नौकरी के पीछे भागने वाले आज युवा बड़े लक्ष्य बना रहे हैं। वह नौकरी लेने वाले नहीं, बल्कि आज नौकरी देने वाले बन रहे हैं। युवा स्टार्ट अप्स लगा रहे हैं। आज देश में 1 लाख 31 हजार स्टार्ट अप्स हैं, जहां युवा नौकरी पैदा भी कर रहे हैं और युवाओं को नौकरी मिल भी रही है।

गोयल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर इन्सफ्राट्रक्चर और आधार भूत सुविधाओं पर लगातार तेजी से काम किया जा रहा है। रेलवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, एक्सप्रेस वे को लेकर आधुनिक तरीके से विकास और विस्तार हो रहा है। रोजमर्रा की समस्याओं से जूझने वाले लोगों के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में रोटी, कपड़ा, मकान, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा पर काम किया गया है। साथ ही आज की मांग के अनुसार, डिजिटल कनेक्टविटी को बढ़ावा पीएम मोदी के नेतृत्व में ही मिला है। गोयल ने कहा कि पीएम मोदी बहुत बड़े लक्ष्यों के साथ देश को आगे बढ़ाते हुए विकास के पथ पर अग्रसर हैं।

गोयल ने कहा आज देश की विकास दर तेजी से बढ़ रही है, महंगाई कम हुई है। उद्योग, छोटे-मध्यम व्यापारियों को सहूलियतें मिल रही हैं। उन्हें लाभ पहुँच रहा है। सरकार उनकी प्रगति को लेकर काम कर रही है। आज कम दरों पर बैंक से लोन मिल पा रहा है। गोयल ने कहा कि पहले सिर्फ घोटाले ही सुनाई देते थे। काँग्रेस यूपीए की सरकार ने घोटालों की 'पराकाष्ठा' को पार कर दिया था। गोयल ने कहा काँग्रेस देश को बांटने की बातें करती है। उसका बस चले तो वह जाति-धर्म के साथ चमड़ी के रंग के आधार पर भी लोगों को बाँट दे।

गोयल ने कहा आज आम आदमी पार्टी और काँग्रेस दोनों ही भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जनता के सामने पूरी तरह से बेनकाब हैं। इसलिए देश और चंडीगढ़ के लोगों ने मन बना लिया है कि आम आदमी पार्टी और काँग्रेस को हराकर बीजेपी को जीत दिलाएँगे। गोयल ने कहा संजय टंडन ने चंडीगढ़ में कई काम किए हैं, शहर के लिए उनके अथक प्रयास रहे हैं। टंडन ने शहर में जरूरतमंद लोगों की दुख तकलीफ समझी है, उनकी हमेशा मदद की है। भिन्न-भिन्न वर्गों के लोगों के साथ खड़े रहे हैं।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ से मनीष तिवारी को कैसे मिली टिकट; कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बताई पूरी बात, बोले- केंद्र में 30 लाख नौकरियां खाली, हम पहले भरेंगे