Passport New Rules 2025: भारत में पासपोर्ट बनवाने का नियम बदला; अप्लाई करने के लिए अब ये सर्टिफिकेट जरूरी, पढ़ें डिटेल

भारत में पासपोर्ट बनवाने का नियम बदला; अप्लाई करने के लिए अब ये सर्टिफिकेट जरूरी, बिना इसके नहीं हो पाएगा कुछ काम, पढ़ें डिटेल

Passport New Rules 2025 In Hindi Read Full Details Here

Passport New Rules 2025 In Hindi Read Full Details Here

Passport New Rules 2025: किसी भी देश में पासपोर्ट एक अहम सरकारी दस्तावेज होता है। पासपोर्ट से जहां किसी व्यक्ति की पहचान हो जाती है तो वहीं इसके साथ ही उसकी नागरिकता भी साबित होती है। बिना पासपोर्ट के विदेश (कुछ देशों को छोड़कर) जाना भी संभव नहीं हो सकता है। वहीं विदेश में केवल आपके पासपोर्ट के जरिए ही आपकी नागरिकता सिद्ध होती है। लेकिन अब भारत सरकार ने पासपोर्ट बनवाने के नियम में एक अहम बदलाव किया है। इस बदलाव के बारे में आपका जान लेना जरूरी है। ताकि आपको पासपोर्ट बनवाने में कोई परेशानी न आए।

पासपोर्ट बनवाने के लिए अब बर्थ सर्टिफिकेट जरूरी

दरअसल, भारत सरकार ने पासपोर्ट बनवाने के लिए अब बर्थ सर्टिफिकेट जरूरी कर दिया है। नए नियम के तहत अब पासपोर्ट बनवाने के लिए बर्थ सर्टिफिकेट देना अनिवार्य होगा। पासपोर्ट के लिए केवल जन्म प्रमाण पत्र ही जन्मतिथि के लिए वैध प्रमाण माना जाएगा। हालांकि, आपको यहां यह बता दें कि, ये नियम (Passport New Rules) सभी लोगों पर लागू नहीं होगा। ये नए नियम केवल उन लोगों पर ही लागू होगा जो 1 अक्टूबर 2023 या उसके बाद पैदा हुए हैं. मतलब पासपोर्ट बनवाने के लिए बर्थ सर्टिफिकेट उन लोगों के लिए आवश्यक नहीं हैं, जिनका जन्म इस तिथि से पहले हुआ है।

लेकिन अगर 1 अक्टूबर, 2023 के बाद जन्मे लोग पासपोर्ट बनवाना चाह रहे हैं तो उनकी जन्म तिथि के लिए केवल जन्म प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। इससे पहले बर्थ सर्टिफिकेट की जगह मार्कशीट या स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रयोग कर लिया जाता था। हालांकि, 1 अक्टूबर 2023 से पहले जन्मे लोग अभी भी 10वीं बोर्ड की मार्कशीट या सर्टिफिकेट, स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या कोई अन्य सरकारी आईडी जैसे अतिरिक्त दस्तावेजों के आधार पर अपनी जन्म तिथि साबित कर सकते हैं।

पासपोर्ट से संबंधित 2 और अहम बदलाव

भारत सरकार ने पासपोर्ट से संबन्धित 2 अहम बदलाव और भी किए हैं। अब पासपोर्ट के आखिरी पन्ने पर आवासीय पते नहीं छापे जा सकेंगे। यानि पासपोर्ट के आखिरी पन्ने में अब आवासीय पता नहीं प्रिंट किया जाएगा। इसकी बजाय, इमिग्रेशन अधिकारी बारकोड को स्कैन कर जानकारी हासिल कर सकेंगे। वहीं इसके अलावा पासपोर्ट के अंतिम पन्ने पर से माता-पिता के नाम को भी नहीं छापा जाएगा। इस नियम से एकल अभिभावक या अलग-थलग परिवारों के बच्चों को राहत मिलेगी और उनकी गोपनीयता बरकरार रहेगी।

भारत में कैसे बनवाएं पासपोर्ट?

अगर आप भारत में रहते हैं और पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं तो इसके लिए अप्लाई करने को लेकर हम आपको यहां डिटेल बता रहे हैं। सबसे पहले भारत सरकार के पासपोर्ट के आधिकारिक पोर्टल पर आपको ऑनलाइन रजिस्टर करना होगा या यहां पहले से बने अपने अकाउंट पर लॉग इन करें। नए पासपोर्ट/ पासपोर्ट को फिर से जारी करने के लिए आवेदन पर क्लिक करें। इसके बाद जरूरी जानकारी को भरें और सबमिट करें।

इसके आगे भुगतान करें और अपॉइंटमेंट को बुक करने के लिए शेड्यूल लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना अपॉइंटमेंट चुने। वहीं इसके बाद आपको अपने चुने गए अपॉइंटमेंट के समय पासपोर्ट सेवा केंद्र में जाना होगा। ध्यान रहे कि अपॉइंटमेंट के समय जरूरी दस्तावेज को साथ में रखें। इसके बाद आपका पुलिस वेरिफिकेशन होगा, फिर आपका पासपोर्ट आपको मिल जाएगा।