पंचकूला में 5 दिन के बच्चे को ले उड़ा शातिर शख्स; सिविल हॉस्पिटल में मां की गोद से ही उठाया, बोला- चेकअप करवा कर अभी आता हूं

Panchkula Man Stole 5 Day Old Baby From Civil Hospital Crime News
Panchkula News: हद हो गई! पंचकूला में सेक्टर-6 सिविल हॉस्पिटल के अंदर से 5 दिन के बच्चे को एक शातिर शख्स ले उड़ा। उधर मां अब अपने बच्चे के लिए बुरी तरह से बिलख रही है। वहीं इस तरह की घटना से पंचकूला सिविल हॉस्पिटल में हड़कंप मच गया है। महिला ने अपने बच्चे की तलाश के लिए पुलिस के चक्कर भी लगाए हैं लेकिन अभी तक उसका बच्चा बरामद नहीं हो सका है।
महिला सुमन ने बताया कि 5 दिन पहले बड़ी मिन्नतों से दो बेटियों के बाद उसका पहला बेटा हुआ था। मनीमाजरा डिस्पेंसरी में बेटे को अंडर ऑब्जर्वेशन में रखा हुआ था। क्योंकि डॉक्टरों ने बच्चे को पीलिया बताया था। महिला के अनुसार, जब वह मनीमाजरा डिस्पेंसरी में थी तो वहां उसे यह शातिर शख्स मिला। जिसने उससे कहा कि यहां काफी इन्फेक्शन है। तुम्हारे बच्चे की तबियत और खराब हो सकती है। इसलिए बच्चे को पंचकूला के सिविल अस्पताल ले जाओ। शख्स की बात सुन वह ऐसा करने के लिए राजी हो गई।
महिला ने बताया कि शख्स ने उसे यह प्रलोभन भी दिया कि वह उसे अस्पताल ले जाएगा। उसकी वहां काफी पहचान है। इस झांसे में आने के बाद वह बुधवार की रात बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंच गई। उसके साथ पति और रिश्तेदार भी थे। यह शख्स भी अस्पताल में साथ आया। जिसने उसे अस्पताल के गायनी वार्ड के बाहर चेयर पर बिठा दिया और बोला कि वह अपने बच्चे को उसे दे दे। वह बच्चे को दिखा कर अभी आता है। वो यहीं बैठी रहे।
महिला के अनुसार, उसने भरोसे के साथ उस शख्स को बच्चा दे दिया लेकिन काफी देर बाद भी न लौटने पर जब वह वार्ड में गई तब ना तो शख्स मिला और ना ही उसका बच्चा वहां था। जिसके बाद महिला के होश फाख्ता हो गए। महिला की चीख पुकार से अस्पताल में सनसनी फैल गई। आनन फानन में परिवार यहां-वहां दौड़ता रहा। लेकिन शख्स और बच्चे का पता कहीं नहीं चला।
वहीं घटना के बाद महिला पूरी रात पंचकूला और मनीमाजरा थाने के चक्कर लगाती रही लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने के कारण बच्चा बरामद नहीं हो सका। कई घंटे बीत जाने के बाद पुलिस महिला के बयान लेकर अब बच्चे की तलाश में जुटी है।
अस्पताल में नहीं हुई थी एंट्री
महिला के मुताबिक अस्पताल में उसने बच्चे को दिखाने के लिए एंट्री नहीं करवाई थी। महिला ने बताया कि वह अपने बच्चे को पाने के लिए सेक्टर 6 अस्पताल की चौकी और मनीमाजरा थाना के चक्कर काट रही है। पुलिस सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। उधर, पुलिस को अस्पताल में सीसीटीवी कैमरों को फुटेज मिली है जिसमें महिला बच्चे को गोद में उठाए अस्पताल में जा रही है और युवक आगे चल रहा है।
रिपोर्ट- आदित्य शर्मा