Haryana Voting LIVE: पंचकूला में पूर्व डिप्टी CM चंद्र मोहन का बयान; वोट डालने के बाद कहा- मैं 109 मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा

पंचकूला में पूर्व डिप्टी CM चंद्र मोहन का बयान; वोट डालने के बाद कहा- मैं 109 मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा, 102 मेरे, कांग्रेस के 7 मुद्दे अलग

 Panchkula Chander Mohan Casts His Vote Haryana Chunav 2024 Voting LIVE

Panchkula Chander Mohan Casts His Vote Haryana Chunav 2024 Voting LIVE

Haryana Chunav 2024 Voting LIVE: हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के लिए आज वोटिंग हो रही है। 90 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से 20 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथों पर लोग वोट डालने पहुंच रहे हैं। शाम 6 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। इसी बीच हरियाणा के पूर्व डिप्टी CM चंद्र मोहन ने भी पंचकूला में अपने परिवार के साथ वोट डाल दिया है। चंद्र मोहन पंचकूला से कांग्रेस उम्मीदवार भी हैं और उनका सीधा मुक़ाबला बीजेपी के ज्ञानचंद गुप्ता से है। वोट डालने के बाद चंद्र मोहन ने कहा कि, हरियाणा के प्रगति और खुशहाली के लिए सरकार बदलनी जरूरी है।

हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी

पंचकूला विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन ने कहा कि, परमात्मा ने चाहा तो निश्चित रूप से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी। मैं हरियाणा के मतदाताओं से अपील करूंगा कि हरियाणा की प्रगति और खुशहाली के लिए सरकार बदलनी जरूरी है, हमारी सरकार आने पर हम अपने सभी वादे पूरे करेंगे। वहीं चंद्र मोहन ने कहा कि, मैं 109 मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा हूं। क्योंकि मैंने 102 मुद्दों का अपना घोषणापत्र जारी किया है। वहीं कांग्रेस के 7 मुद्दे अलग हैं।

 Panchkula Chander Mohan Casts His Vote Haryana Chunav 2024 Voting LIVE

 

हरियाणा विधानसभा चुनाव के ये हैं प्रमुख उम्मीदवार

हरियाणा विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 1031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें से 930 पुरुष और 101 महिलाएं हैं। वहीं 464 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। वहीं विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (लाडवा), विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), भाजपा के अनिल विज (अंबाला कैंट) और ओपी धनखड़ (बादली) एवं कांग्रेस की विनेश फोगाट (जुलाना) शामिल हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में सावित्री जिंदल (हिसार), रंजीत चौटाला (रानिया) और चित्रा सरवारा (अंबाला कैंट) शामिल हैं। जिनकी साख दांव पर है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 का रिजल्ट 8 को

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 का रिजल्ट 8 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। यानि इस दिन वोटों की गिनती होगी। 8 अक्टूबर के दिन उम्मीदवारों की तकदीर और बदलती तस्वीर का निर्णय हो जाएगा। साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि हरियाणा की जनता ने अबकी बार किसको सत्ता सौंपी है। गौरतलब है कि, इलेक्शन कमीशन (ECI) ने हाल ही में विधानसभा चुनाव के शेड्यूल में बदलाव किया था। इलेक्शन कमीशन (ECI) की ओर से नया शेड्यूल जारी किया गया. इससे पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी थी और 4 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाना था।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं। वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

हरियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।

2019 में किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।