नायब सैनी के खिलाफ बयान देने पर विज को नोटिस जारी, तीन दिन में मांगा जवाब
- By Vinod --
- Monday, 10 Feb, 2025

Notice issued to Vij for giving statement against Nayab Saini
Notice issued to Vij for giving statement against Nayab Saini- सोनीपत (आदेश त्यागी)। मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर ब्यानबाजी करने वाले परिवहन मंत्री अनिल विज पर हाईकमान ने कड़ा संज्ञान लिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने परिवहन मंत्री को कारण बताओ नोटिस थमाते हुए तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
पिछले दिनों परिवहन मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। विज ने 30 जनवरी को मुख्यमंत्री नायब सैनी के खिलाफ बयान दिया, उनकी सरकार में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विज यहीं नहीं रूके उन्होंने अफसरशाही पर सुनवाई न करने का ठीकरा फोड़ते हुए अंबाला छावनी में लगाया जाने वाला खुला दरबार बंद कर दिया। साथ ही, उन्होंने सिरसा और कैथल की जिला शिकायत निवारण कमेटी की बैठकों में जाना भी बंद कर दिया। हालांकि, विज की नाराजगी के बाद सरकार ने अंबाला के जिला उपायुक्त पार्थ गुप्ता को हटा दिया था।
इसके बाद भी विज की बयानबाजी लगातार जारी रही, उन्होंने अंबाला के एक भाजपा पदाधिकारी आशीष मित्तल के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सैनी को घेरते हुए उनकी फोटो पर गद्दार तक लिख दिया। नायब सैनी तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेता उस समय दिल्ली चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। अनिल विज ने भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ हिमाचल में दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के मुद्दे पर उन्हें घेरते हुए इस्तीफे की मांग की थी। विज ने यहां तक बोल दिया था कि दुष्कर्म का आरोपी महिलाओं की बैठक किस आधार पर ले रहा है।
हिमाचल पुलिस ने क्लीन चिट मिलते ही बड़ौली ने थमाया विज को नोटिस
अब मुख्यमंत्री नायब सैनी दिल्ली चुनाव प्रचार से फारिग हो चुके हैं और भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को हिमाचल पुलिस से क्लीन चिट मिल चुकी है। बदले हुए हालातों में सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने परिवहन मंत्री अनिल विज को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। नोटिस में विज की बयानबाजी पर आपत्ति जताते हुए कहा गया है कि मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के विरूद्ध दिए गए बयान पार्टी की नीति व आतंरिक अनुशासन के विरूद्ध है। आपका यह कदम न केवल पार्टी की विचारधारा के खिलाफ है, बल्कि यह उस समय पर हुआ जब पार्टी पड़ोसी राज्य में चुनावों के लिए अभियान चला रही थी।
बड़ौली के विज को नोटिस देने के बाद गरमाई राजनीति
परिहवन मंत्री अनिल विज को भेजे कारण बताओ नोटिस में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने उल्लेख किया कि चुनावी समय में एक सम्मानित मंत्रीपद वहन करते हुए, इस प्रकार की बयानबाजी से पार्टी की छवि को नुकसान होगा यह जानते हुए भी आपने बयान दिए हैं और यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। राष्ट्रीय अधक्ष के निर्देश अनुसार आपको यह कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। आपसे यह अपेक्षा करते हैं कि तीन दिन में आप इस विषय पर लिखित स्पष्टीकरण दें। भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली द्वारा अनिल विज को नोटिस जारी किए जाने के बाद अब प्रदेश में भाजपा की राजनीति गरमाएगी।