Maharashtra-Jharkhand Chunav: महाराष्ट्र-झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा; इलेक्शन कमीशन ने जारी किया चुनावी शेड्यूल

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा; इलेक्शन कमीशन ने जारी किया चुनावी शेड्यूल, कब वोटिंग और कब रिजल्ट, देखें

Maharashtra-Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 Schedule Announced

Maharashtra-Jharkhand Chunav Schedule: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चुनाव संपन्न होने के बाद अब महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा की गई है। इलेक्शन कमीशन ने दोनों राज्यों के लिए चुनावी शेड्यूल जारी कर दिया है। दिल्ली में प्रेस वार्ता करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, महाराष्ट्र में सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 1 फेज में होगा। जबकि झारखंड में सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 2 फेज में कराया जाएगा। वहीं दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 23 नवम्बर को जारी होगा।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को वोटिंग

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी। महाराष्ट्र के 36 जिलों में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें से 234 जनरल, 25 एसटी और 29 एससी हैं। महाराष्ट्र में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 26 नवम्बर को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर को नामांकन भरने के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। 29 अक्टूबर नामांकन की लास्ट डेट होगी। 30 अक्टूबर को नामांकनों की छटनी की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 4 नवम्बर होगी।

महाराष्ट्र में कुल 9.63 करोड़ वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अनुसार, महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है, जिनमें से 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। जबकि इस बार महाराष्ट्र में 52 हजार से जायदा लोकेशन पर 1,00,186 मतदान केंद्र होंगे। इस बार भी PWD और महिलाओं द्वारा संचालित बूथ बनाए जाएंगे।

झारखंड में पहले फेज में 13 नवंबर को वोटिंग

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि, झारखंड में 24 जिलों में 81 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें से जनरल 44, एसटी 28, एससी 9 हैं। यहां विधानसभा का कार्यकाल जनवरी में खत्म हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, झारखंड में पहले फेज में 13 नवंबर को वोटिंग होगी। पहले चरण में 43 विधानसभा सीटों पर वोट पड़ेंगे। वहीं दूसरे फेज की वोटिंग 20 नवंबर को कराई जाएगी। इस दिन 38 विधानसभा सीटों के लिए वोट पड़ेंगे।

झारखंड में पहले चरण में 43 विधानसभा सीटों पर वोटिंग के लिए 18 अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। 25 अक्टूबर तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर पाएंगे। 28 अक्टूबर को नमाकंनॉन की छटनी की जाएगी। 30 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख होगी। वहीं दूसरे चरण में 22 अक्टूबर को 38 विधानसभा सीटों के लिए अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। 29 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख होगी। 30 अक्टूबर को नामांकन की छटनी की जाएगी। 1 नवम्बर को नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख होगी।

झारखंड में कुल 2.6 करोड़ वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि, झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिसमें से 1.29 करोड़ महिला और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। इस बार झारखंड में 29,562 पोलिंग स्टेशन होंगे। बता दें कि, जहां महाराष्ट्र में इस समय बीजेपी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और NCP (अजित पवार) गठबंधन की सरकार है तो वहीं झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सरकार चल रही है।