लग गया महंगाई का झटका; इतनी बढ़ गई LPG सिलेंडर की कीमत, अब मार्च के पहले दिन से ही ज्यादा ढीली होगी जेब, यहां जानिए

LPG Cylinder Price Hike on 1 March 2025 New Rate List
LPG Cylinder Price Hike: हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमत में बदलाव होता है। ऐसे में आज 1 मार्च से LPG उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लग गया है। दरअसल, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG Cylinder की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में अब कमर्शियल उपभोक्ताओं को ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। बढ़ी हुई नई कीमत 1 मार्च से लागू कर दी गई है। कमर्शियल सिलेंडर की बढ़ी कीमत का असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ेगा। रेहड़ी-फड़ी, रेस्टोरेन्ट और ढाबों पर खाने की प्लेट महंगी हो जाती है।
कितनी बढ़ी कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत
हालांकि, कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बहुत ज्यादा तो नहीं बढ़ाई गई है लेकिन बढ़ी हुई कीमत आपके बजट पर असर जरूर करेगी। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 6 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, राहत की बात ये है कि 14 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़त नहीं हुई है। वहीं कमर्शियल LPG सिलेंडर की बात करें तो पिछले महीने फरवरी में इसमें थोड़ी राहत दी गई थी। तब इसकी कीमत में 7 रुपये घटाए गए थे। लेकिन अब 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा कर दिया गया।
दिल्ली में अब कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत क्या?
फिलहाल, बढ़ी हुई नई कीमत के साथ अब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1797 रुपए की बजाय 1803 रुपए में मिलेगा। वहीं दिल्ली के अलावा चेन्नई, मुंबई, कोलकाता में अलग-अलग कीमत घटी है। चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर अब 1959.50 रूपए की बजाय 1965.00, मुंबई में 1749.50 रुपए के बजाय 1755.50, कोलकाता में 1907.00 रुपए की बजाय 1913.00 रुपये का मिलेगा।
मालूम रहे कि, पिछले कई महीनों से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में लगातार बदलाव जारी है। कीमत में कहीं कटौती की जाती है तो कहीं बढ़ोतरी। इससे पहले आखिरी बार 1 दिसंबर 2024 को कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में इजाफा किया गया था। तब कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग 16 रुपए बढ़ाई गई थी। जबकि इससे पहले नवम्बर की पहली तारीख को कमर्शियल सिलेंडर 60 रुपये से ज्यादा महंगा हो गया था।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG Cylinder की कीमत भले ही हर महीने बदली जा रही हो। लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत कई महीनों से जस-की-तस रखी जा रही है। हर बार घरेलू गैस उपभोक्ता यह उम्मीद रखते हैं कि सिलेंडर सस्ता होगा। मगर उनकी उम्मीद को झटका लग जाता है। आखिरी बार पिछले साल मार्च में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 100 रुपये कम कर दी गई थी। जिसके बाद से दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 903 रुपये की बजाय 803 रुपये का मिल रहा है।