हरियाणा पुलिस का फरमान, आप नेता नवीन जयहिंद हाजिर हो...

हरियाणा पुलिस का फरमान, आप नेता नवीन जयहिंद हाजिर हो...

हरियाणा पुलिस का फरमान

हरियाणा पुलिस का फरमान, आप नेता नवीन जयहिंद हाजिर हो...

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद फिर से सुर्खियों में हैं। हरियाणा पुलिस ने तीन साल पुराने मामले में उन्हें पेश होने के लिए कहा है। करीब डेढ साल से राजनीतिक अज्ञातवास में चल रहे नवीन जयहिंद किसी भी समय पुलिस के समक्ष पेश हो सकते हैं। हरियाणा के पानीपत की पुलिस को उनकी एक पुराने केस में पेश होने के लिए कहा है। माना जा रहा है कि जयहिंद 13 नवंबर की दोपहर 12 बजे पानीपत सिटी पुलिस के समक्ष पेश होंगे। इस बात अभी संशय बना हुआ है कि वह अकेले पेश होंगे या पहले की तरह समर्थकों के साथ पेश होंगे। 
क्या है पूरा मामला
हरियाणा में आम आदमी पार्टी को खड़ा करने वाले नवीन जयहिंद ने वर्ष 2018 में नशों के विरूद्ध भाईचारा कांवड़ यात्रा निकाली थी। यह यात्रा रोहतक से हरिद्वार के लिए निकाली गई थी। जिसमें भारी संख्या में युवाओं ने भाग लिया था। यात्रा के समापन पर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आम आदमी पार्टी सुप्रीमों एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी रोहतक पहुंचे थे।
इस यात्रा के दौरान पानीपत पुलिस ने गाडिय़ों की जांच की। पुलिस ने इस संदेह के आधार पर तलाशी ली थी कि गाडिय़ों में हथियार आदि हो सकते हैं। पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला। गाडिय़ों की जांच के बाद पुलिस ने आप के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। जिन्हें नवीन जयहिंद ने पुलिस की गाडिय़ों से छुड़वा लिया था। जिसे लेकर जयहिंद और पुलिस के बीच खासा विवाद हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने दावा किया कि कांवड़ यात्रा के काफिले में शामिल गाड़ी का नंबर फर्जी है। 
हालांकि बाद में नवीन जयहिंद ने गाड़ी का नंबर ट्रांसफर करने समेत सभी दस्तावेज पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश भी कर दिए थे लेकिन पानीपत पुलिस ने नवीन जयहिंद समेत पांच अन्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 186, 332, 353, 417,420, 468, 471 के तहत मामला दर्ज किया था। नवीन जयहिंद को इसी मामले में पेश होने के लिए कहा गया है।

डेढ़ साल से राजनीतिक अज्ञातवास में है जयहिंद
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद पिछले करीब डेढ साल से सार्वजनिक जीवन से दूर हैं। वह न तो पार्टी की गतिविधियों में भाग ले रहे हैं और न ही राजनीतिक सक्रियता बनाई हुई है। जयहिंद के जाने के बाद आम आदमी पार्टी की सक्रियता कम हुई है। हालांकि पार्टी ने अभी तक उनके बाद किसी को भी अध्यक्ष नहीं बनाया है।