Landslide- चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर लैंडस्लाइड; पहाड़ खिसकने से सड़क पर गिरे भारी पत्थर, पंजाब नंबर की गाड़ी चपेट में, 1 की मौत

चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर लैंडस्लाइड; पहाड़ खिसकने से सड़क पर गिरे भारी पत्थर, अखबार ले जा रही पंजाब नंबर की गाड़ी चपेट में, 1 मौत

Landslide on Chandigarh-Shimla Highway Near Parwanoo Latest News

Landslide on Chandigarh-Shimla Highway Near Parwanoo

Chandigarh Shimla Highway Landslide: मानसून की भारी बारिश पहाड़ी इलाकों के लिए आफत बनी हुई है। एक तरफ जहां उत्तराखंड में लगातार लैंडस्लाइड से पहाड़ गिर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ हिमाचल में भी ऐसी ही स्थिति है। रविवार रात हिमाचल के परवाणू के पास चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर लैंडस्लाइड की ताजी घटना घटी।

यहां लैंडस्लाइड के चलते पहाड़ खिसकने से सड़क पर बड़े-बड़े भारी पत्थर आ गिरे। जहां इन पत्थरों की चपेट में पंजाब नंबर की एक गाड़ी आ गई। बताया जा रहा है कि, गाड़ी में सवार एक शख्स की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं मृतक शख्स की पहचान देवराज के तौर पर बताई जा रही है। घायलों का ईएसआई अस्पताल परवाणू में उपचार चल रहा है।

अखबार लेकर शिमला जा रही थी गाड़ी

जानकारी के अनुसार, लैंडस्लाइड से पत्थरों की चपेट में आने वाली गाड़ी (PB-08-CP-9686 नंबर) अखबार लेकर शिमला जा रही थी। इस दौरान रास्ते में परवाणू के पास लैंडस्लाइड की घटना हो गई। जहां पहाड़ टूटने के बाद भारी पत्थर गाड़ी के ऊपर आ गिरे। इसमें गाड़ी को काफी ज्यादा नुकसान हुआ। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

मौके से जो तस्वीरें सामने आईं हैं उनमें दिखता है कि पहाड़ खिसकने के बाद हाईवे पर चारो तरफ मिट्टी और पत्थरों का मलबा बिखरा पड़ा हुआ है। वहीं लैंडस्लाइड के बाद हाईवे पर आवागमन ठप हो गया है। हाईवे से मलबा हटाने का काम जारी है।

Landslide on Chandigarh-Shimla Highway Near Parwanoo

 

मनाली में फटा था बादल

मानसून में हिमाचल के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश की वजह से भारी नुकसान हुआ है। हिमाचल में मूसलाधार बारिश के चलते नदियों में नालों में उफान है। बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए हैं। बादल फटने से तबाही की तस्वीरें सामने आ रहीं हैं। अभी हाल ही मनाली में बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। पानी के सैलाब का बवंडर ऐसा था कि पानी के बहाव में बड़े बड़े पत्थर तक बहते हुए देखे गए। साथ ही वो पत्थर बह कर मनाली-लेह नेशनल हाईवे- 003 पर बने पलचान पुल पर भी आ गए। सैलाब शांत होने के बाद चारो तरफ पत्थरों का अंबार लगा हुआ था।

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर रखा है। पूर्वानुमान के मुताबिक जिला ऊना जिला, हमीरपुर और जिला कांगड़ा के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। वहीं जिला चंबा और जिला मंडी के भी कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश हो सकती है।

इसके अलावा जिला कुल्लू, जिला सिरमौर, जिला बिलासपुर, जिला सोलन, जिला शिमला और जिला किन्नौर के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना है। हिमाचल में ऊंचाई वाले पहाड़ी जिलों में लोगों को विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ स्थानीय प्रशासन ने राज्य के सभी लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।


यह भी पढ़ें- हिमाचल में बादल फटने से तबाही; मनाली-लेह नेशनल हाईवे बंद, पानी के सैलाब के साथ पुल के ऊपर आ गए बड़े-बड़े पत्थर, मंजर देखिए