JJP-Aazad Samaj Party Alliance- हरियाणा चुनाव में एक नया गठबंधन; दुष्यंत चौटाला ने भीम आर्मी चीफ से हाथ मिलाया

हरियाणा चुनाव में एक नया गठबंधन; दुष्यंत चौटाला ने भीम आर्मी चीफ से हाथ मिलाया, JJP और आजाद समाज पार्टी में सीटों का बंटवारा

JJP-Aazad Samaj Party Alliance In Haryana Vidhan Sabha Election 2024

JJP-Aazad Samaj Party Alliance In Haryana Vidhan Sabha Election 2024

JJP-Aazad Samaj Party Alliance: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से दो पार्टियों में एक नया गठबंधान उभरकर सामने आया है। जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला ने भीम आर्मी चीफ और आज़ाद समाज पार्टी (कांशी राम) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद से हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं की तरफ से आज दिल्ली में प्रेस वार्ता करते हुए जेजेपी और आज़ाद समाज पार्टी में गठबंधन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।

इससे पहले सोमवार रात ही दोनों नेताओं ने साथ में प्रेस वार्ता की घोषणा की थी। जिसके बाद से ही हरियाणा में एक नए गठबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। जेजेपी और आज़ाद समाज पार्टी में गठबंधन होने को लेकर तस्वीर कहीं न कहीं रात में ही साफ हो चुकी थी। वहीं अगले दिन मंगलवार दोपहर दिल्ली में संयुक्त प्रेस वार्ता कर आधिकारिक तौर पर जेजेपी और आज़ाद समाज पार्टी में गठबंधन होने का ऐलान कर दिया गया। इस दौरान दोनों पार्टियों के बीच सीटों के तय फॉर्मूले की भी जानकारी दी गई।

JJP-Aazad Samaj Party Alliance In Haryana Vidhan Sabha Election 2024

 

90 विधानसभा सीटों में JJP कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी?

हरियाणा की विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच गठबंधन के तहत 70  और 20 सीटों का बंटवारा हुआ है। यानि दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) 70 सीटों पर चुनाव लड़ने उतरेगी। जबकि बाकी 20 सीटों पर चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) चुनावी लड़ाई लड़ेगी। इस गठबंधन से हरियाणा में दलित वोटों को साधने की पुरजोर कोशिश की गई है।

JJP-ASP Alliance in Haryana

 

गठबंधन पर दुष्यंत चौटाला का बयान

आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के साथ गठबंधन के ऐलान के बाद हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का बयान सामने आया है। दुष्यंत चौटाला ने चंडीगढ़ जीतने की बात कही है। चौटाला ने सोशल मीडिया पर लिखा- ''किसान कमेरे आगे बढ़- जीत ले अपना चंडीगढ़! जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन का आधिकारिक ऐलान आज दिल्ली में हुई प्रेस कांफ्रेंस कर दिया गया। जननायक जनता पार्टी हरियाणा की 70 सीटों और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) हरियाणा की 20 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। किसान-कमेरों का एक साथ आना हरियाणा के बेहतर भविष्य के निर्माण की ओर एक मजबूत कदम साबित होगा।''

2019 में बीजेपी के साथ आए थे दुष्यंत चौटाला

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई।

इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे। लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी में गठबंधन

दुष्यंत चौटाला ने जहां हरियाणा में दलितों के वोटों को साधने के लिए चंद्रशेखर आजाद के साथ हाथ मिलाते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से गठबंधन किया तो वहीं इससे पहले अभय चौटाला ने मायावती की बीएसपी पार्टी से गठबंधन कर रखा है। इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है।

हरियाणा में 1 फेज में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग

हरियाणा में 16 अगस्त को विधानसभा चुनाव-2024 को लेकर शेड्यूल जारी किया जा चुका है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक फेज में होगा। हरियाणा में 5 सितंबर को नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। जिसमें नामांकन की लास्ट डेट 12 सितंबर होगी। वहीं चुनाव के लिए दाखिल नामांकनों की छटनी 13 सितंबर को की जाएगी. जबकि 16 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। वहीं हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 1 अक्टूबर को होगी। जबकि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का रिजल्ट एकसाथ 4 अक्टूबर को डिक्लेयर किया जाएगा।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन 90 सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं।

वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जहां लोग वोट डालने के लिए आएंगे।

हरियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।