"जहां हमारे भगवन वहीं हम" ऐसी ही आस्था दिखी श्री झंडे जी के आरोहण पर लाखों श्रद्धालुओं की संख्या में,14 मार्च को होगी नगर परिक्रमा
- By Sheena --
- Monday, 13 Mar, 2023

Jhanda Mela Dehradun 2023 historical mela thousands of devotees reached at Dehradun
Jhanda Mela Dehradun 2023: देहरादून के दरबार साहिब में 12 मार्च रविवार को ऐतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण हुआ। यहां सुबह सात बजे से पुराने झंडे जी को उतारने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेंद्र दास महाराज की अगुआई में श्री झंडेजी की आरोहण प्रक्रिया चली। जिसके बाद शाम 4 बजकर 10 मिनट पर झंडे जी का आरोहण हुआ। इस दौरान पूरा दरबार साहिब संगत के जय जयकार से गूंज उठा।
पंजाब के संसार सिंह ने 30 साल पहले मांगी थी मन्नत
इस बार श्री झंडे जी पर दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का मौका पंजाब के परिवार को मिला। परिवार की सुख-समृद्धि के लिए संसार सिंह ने 30 साल पहले श्री झंडेजी पर गिलाफ चढ़ाने की मन्नत मांगी थी। संसार सिंह इस समय अपनी बेटी के पास अमेरिका में हैं। उन्हें जब पता चला कि इस बार गिलाफ चढ़ाने के लिए उनके परिवार का नंबर आया है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अमेरिका से ही झंडे जी के आरोहण का लाइव प्रसारण देखा।
दोपहर दो बजे से शुरू हुई झंडेजी के आरोहण की प्रक्रिया
झंडेजी को उतरने के बाद दूध, दही व गंगाजल से स्नान कराने के बाद उन्हें गिलाफ चढ़ाने की रस्म शुरू होगी। पहले सादे और फिर शनील के गिलाफ चढ़ाए जाएंगे। अंत में दर्शनी गिलाफ चढ़ाया जाएगा। दोपहर दो बजे से झंडेजी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई। दर्शनी गिलाफ को छूने के लिए श्रद्धालु आतुर दिखे। दरबार साहिब के सज्जादा गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में श्रद्धालु 86 फीट ऊंचे झंडेजी को लकड़ी से बनी कैंचियों के सहारे धीरे-धीरे खड़ा किया गया। वातावरण श्री गुरु राम राय महाराज की जय, जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल, सच्चे दरबार की जय, दरबार साहिब की जय आदि जयकारों से गूंज उठा। संगतें ढोल की थाप पर नृत्य करती दिखीं। दरबार साहिब परिसर के अलावा तालाब और आसपास के घरों की छत पर बैठकर झंडेजी दर्शन करते रहे।
पुलिस, प्रशासन व मीडिया कर्मियों का जताया आभार
महंत देवेन्द्र दास और मेला आयोजन समिति ने सहयोग के लिए पुलिस अधिकारियों, पुलिस स्टाफ, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया कर्मियों और दूनवासियों का आभार जताया। व्यवस्थापक केसी जुयाल ने समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की ओर से धन्यवाद दिया।
विदेशी संगतें भी पहुंची
श्री झंडे जी पर शीश नवाने के लिए देश-विदेश से संगतें पहुंची हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश सहित विदेशों से आई संगतें आरोहण की साक्षी बनी। श्री दरबार साहिब में श्रद्धालु भजन-कीर्तन के साथ ही गुरु महिमा का गुणगान करते रहे। श्रद्धालुओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया।
मेले का किया गया पुख्ता इंतज़ाम
श्री झंडे जी के आरोहण मेले की धूम सरे देहरादून में महीना भर रहती है और साथ यहां पर कई शहरों से आए लोगों के रहने-सहने का खास प्रबंध किया जाता है। बाज़ारो में खूब रोंके देखने को मिल रही है। पूरा शहर श्री झंडे जी के आरोहण में जगमगा रहा है। लोगो ने अपनी मन्नतों को पूरा होता देखा है। श्री दरबार साहिब की सजावट को देखने भी लोग दूर दूर से आ रहे है। श्री दरबार साहिब की कमेटी से लेकर शहर की पुलिस तक इस मेले के इंतज़ाम और सुरक्षा बहुत अच्छी की हुई है।
पवित्र सरोवर में लगाई डुबकी
श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई। सुबह से ही श्रद्धालु यहां स्नान कर रहे थे। दोपहर बाद में सरोवर के चारो तरफ संगतों के जुटने से यहां का नजारा भी दर्शनीय लग रहा था। साथ ही बच्चों ने भी सरोवर के स्नान का आनन्द उठाया।
30 मार्च रामनवमी तक चलेगा मेला
हर वर्ष होली के पांचवें दिन दरबार साहिब में झंडेजी के आरोहण के साथ मेला शुरू होता है। 30 मार्च रामनवमी तक मेला चलेगा। बीते तीन-चार दिनों से उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश से संगत का दरबार साहिब पहुंचने का सिलसिला जारी है।