Neeraj Chopra- पेरिस ओलंपिक में भारत के नीरज चोपड़ा ने कर दिया गजब; पहली ही बार में 89.34 मीटर भाला फेंक फाइनल में पहुंचे

पेरिस ओलंपिक में भारत के नीरज चोपड़ा ने कर दिया गजब; पहली ही बार में 89.34 मीटर भाला फेंक फाइनल में पहुंचे, यह सीजन बेस्ट थ्रो

Javelin Thrower Neeraj Chopra Qualify For Final Paris Olympics 2024

Javelin Thrower Neeraj Chopra Qualify For Final Paris Olympics 2024

Neeraj Chopra Paris Olympics: टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट रहे नीरज चोपड़ा ने अब पेरिस ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल की बड़ी उम्मीद जगा दी है। नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो के ग्रुप-बी क्वालिफाइंग राउंड में पहली ही बार में 89.34 मीटर भाला फेंककर फाइनल में गजब एंट्री मारी है। नीरज का 89.34 मीटर का जेवलिन थ्रो एक जबरदस्त थ्रो रहा। नीरज का यह सीजन बेस्ट थ्रो है। नीरज चोपड़ा अभी तक सबसे आगे चल रहे हैं।

बता दें कि, फाइनल में क्वालीफाई करने के लिए जरुरी था कि 84 मीटर से अधिक दूरी पर भाला फेंका जाए। वहीं नीरज से ऐसा करने में सफलता पाई। हालांकि, नीरज की कोशिश अब 90 मीटर या इससे ज्यादा के जेवलिन थ्रो पर होगी। 8 अगस्त को नीरज चोपड़ा जेवलिन थ्रो के फाइनल मुक़ाबले में उतरेंगे। नीरज के साथ प्रतिद्वंद्वी ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.63 मीटर और पाकिस्तान के अरशद नदीम ने भी 86.59 मीटर थ्रो के साथ पहली ही बार में फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।

 

नीरज चोपड़ा के गोल्ड जीतने की उम्मीद

टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड अपने नाम करने के लिए चैंपियन नीरज चोपड़ा ने 87.58 मीटर का जेवलिन थ्रो किया था। वहीं अब पेरिस ओलंपिक के दौरान नीरज गोल्ड से कुछ दूरी पर हैं और इतिहास रचने के करीब हैं। क्योंकि टोक्यो ओलंपिक में भारत को गोल्ड दिलाने वाले नीरज से इस बार भी ओलंपिक में गोल्ड की उम्मीद है।

अगर नीरज चोपड़ा इस बार भी गोल्ड जीतने में सफल रहे तो वो लगातार दो ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले दुनिया के पांचवें जेवलिन थ्रोअर बन सकते हैं। उनसे पहले ऐसा कारनामा एरिक लेमिंग (स्वीडन 1908 और 1912), जोन्नी माइरा (फिनलैंड 1920 और 1924), चोपड़ा के आदर्श जान जेलेंजी (चेक गणराज्य 1992 और 1996) और आंद्रियास टी (नॉर्वे 2004 और 2008) ने किया है।

पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट का कमाल

भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के अलावा भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भी पेरिस ओलंपिक में कमाल किया है। विनेश फोगाट महिलाओं के 50kg रेसलिंग सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की ओकसाना लिवाच को हराया। इससे पहले विनेश फोगाट का पहला रेसलिंग मैच जापान की वर्ल्ड चैंपियन और ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट महिला पहलवान यूयू सुसाकी से था।

इस प्री-क्वार्टर फाइनल में विनेश ने पहलवान युई सुसाकी को 3-2 से हराया। जापान की युई सुसाकी ऐसी महिला पहलवान हैं, जो चार बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और टोक्यो ओलिंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। जिन्होंने अपने रेसलिंग करियर में सिर्फ 3 मैच हारे। वे दुनिया की नंबर वन महिला रेसलर मानी जाती हैं। टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने गोल्ड मेडल जीतने में एक भी पॉइंट नहीं गंवाया था।

 

भारत-जर्मनी हॉकी सेमीफाइनल आज रात 10:30 बजे से

पेरिस ओलंपिक में भारतीय मेंस हॉकी टीम के ऊपर भी पूरी देश की नजरें टिकी हुईं हैं। ओलंपिक में भारत और जर्मनी के बीच मेंस हॉकी का पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। यह मैच रात 10:30 से शुरू होगा। अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल जीती तो 44 साल बाद ओलिंपिक हॉकी के फाइनल में पहुंचेगी। इंडिया ने आखिरी फाइनल 1980 के मास्को ओलिंपिक में खेला था। बता दें कि, भारतीय मेंस हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को क्वाटर फाइनल में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। वहीं इससे पहले टीम ने क्वालिफाइंग राउंड में ऑस्ट्रेलिया को 52 साल बाद ओलंपिक में हराया था और एतिहासिक जीत दर्ज की थी।