Army JCO Martyred: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना का अफसर शहीद; LoC पर ताबड़तोड़ गोलीबारी, आतंकी घुसपैठ कर रहे थे

जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना का अफसर शहीद; LoC पर ताबड़तोड़ गोलीबारी, आतंकी घुसपैठ कर रहे थे, मुकाबला कर उन्हें पीछे खदेड़ा

Jammu Kashmir Army JCO Martyred Foiled an Infiltration Attempt By Terrorists

Jammu Kashmir Army JCO Martyred Foiled an Infiltration Attempt By Terrorists

Army JCO Martyred: जम्मू-कश्मीर से भारतीय सेना के एक अफसर के शहीद होने की खबर सामने आई है। यहां अखनूर सेक्टर में शुक्रवार रात नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश की गई। गोलीबारी की आड़ में आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्हें पीछे खदेड़ने और उनका मुकाबला करने के लिए सेना ने मोर्चा संभाला और ऑपरेशन शुरू किया। जहां इस बीच आतंकियों और सेना के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी में भारतीय सेना के जूनियर कमीशंड ऑफिसर कुलदीप चंद की जान चली गई।

इस मुठभेड़ में JCO कुलदीप चंद ने आतंकियों का अंतिम दम तक सामना किया। उन्होंने बहादुरी से मुंहतोड़ जवाब देते हुए आतंकियों की घुसपैठ को नाकाम कर दिया। बताया जाता है कि, आतंकियों की गोलियां लगने से JCO कुलदीप चंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद उन्हें आर्मी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं इलाके में तलाशी अभियान जारी है। घुसपैठ की सूचना पर भारतीय सेना बॉर्डर एरिया के कई जगह पर अभियान चला रही है।

भारतीय सेना ने श्रद्धांजलि दी

भारतीय सेना की ओर से शहीद जेसीओ कुलदीप चंद को श्रद्धांजलि दी गई है। सेना की ओर से किए सोशल मीडिया पोस्ट में बहादुर कुलदीप चंद के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया गया है। सेना ने कहा कि हम कुलदीप चंद के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं। उन्होंने 11 अप्रैल 2025 की रात को LoC पर केरी बट्ठल इलाके में घुसपैठ विरोधी अभियान का बहादुरी से नेतृत्व करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनकी टीम की वीरता और कुलदीप के सर्वोच्च बलिदान ने आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया। इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़े हैं। बता दें कि शहीद जेसीओ कुलदीप चंद पंजाब के रहने वाले थे।