Haryana : भौतिक निर्माण के साथ-साथ युवाओं में अच्छे संस्कार होना अति आवश्यक: मनोहर लाल
- By Krishna --
- Tuesday, 05 Sep, 2023

It is very important to have good values among the youth.
It is very important to have good values among the youth : चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भौतिक निर्माण के साथ-साथ युवाओं में अच्छे संस्कार होने के महत्वपूर्ण विषय पर बल देते हुए कहा कि जीवन में भौतिक निर्माण के साथ-साथ मनुष्य में अच्छे संस्कारों का समावेश होना अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में हमारा पूरा समाज जितना आगे बढ़ेगा, भारत देश उतनी ही तरक्की करेगा। मुख्यमंत्री पंचकूला मे देर सायं आयोजित ‘हमारे भारतीय संस्कारों का महत्व‘ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्कारों से दृष्टिकोण बनता है और इस प्रकार के आयोजनों से संत समाज द्वारा युवाओं में अच्छे संस्कार उत्पन्न करने का वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में अच्छे संस्कार उत्पन्न करने को लेकर हरियाणा में 1 सितंबर से नशा मुक्ति अभियान के तहत साइक्लोथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इस साईकिल रैली के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं में ज्ञान व शिक्षा के माध्यम से अच्छे संस्कार पैदा करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारे उत्तम और मजबूत संस्कारों के कारण आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को समाज मे अच्छे संस्कार मिलते हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि हरियाणा के कुरूक्षेत्र में गीता का उपदेश एकमात्र ऐसा उदाहरण है जहां भगवान श्री कृष्ण युद्ध के मैदान में संस्कार की बात बता रहे हैं। गीता का यह उपदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उस समय था। गीता हमे जीवन जीने की कला सिखाती है और जीवन मे हमारा मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि गीता के सार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हमने विदेश में भी करीब 12 देशों में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम शुरू किए हैं ताकि गीता का संदेश विश्व के हर कोने तक पहुच सके। साथ ही शिक्षा में भी गीता के श्लोक अनिवार्य किए हैं।
भारत देश अगले 3 वर्षों में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के क्लब में होगा शामिल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए गए संकल्प के अनुसार भारत को अगले 3 वर्षों में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के क्लब में शामिल होना है। हम इस दिशा में आगे बढते हुए निरंतर तरक्की की राह पर अग्रसर होगें। इस अवसर पर स्वामी संपूर्णानंद ब्रह्मचारी जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व की बात भारत ने की है बाकी सभी ने अपने-अपने विकास को महत्व दिया है और यही भारत की परंपरा और संस्कृति है। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोचारण के बीच दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
पुराने समय में विदेशी आते थे भारत में ज्ञान लेने
इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पुराने समय में विदेश के युवा भारत में ज्ञान लेने के लिए, शिक्षा लेने, संस्कृति व सभ्यता के बारे में संस्कारों का ज्ञान लेने के लिए आते थे। हमें फिर से भारत के उसी संस्कार को मजबूत और सशक्त बनाना है। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का संकल्प मुख्यमंत्री ने लिया है और इसी कड़ी में पंचकूला को भी नशे से मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने मंच से पूरे हरियाणा प्रदेश को नशा मुक्त करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी 2030 तक भारत को नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प किया है । इसे मूर्त रूप देने के लिए आमजन का सहयोग अति आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने सभी संतों को भी बधाई दी। इसके अतिरिक्त पंच अग्नि अखाड़ा के सभापति करुणा वर्णालय बापू मुक्ता नंद जी महाराज सहित अन्य संतो ने भी अपने विचार रखे।
ये रहे मौके पर उपस्थित
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, कालका की पूर्व विधायक लतिका शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खनगवाल, मुख्यमंत्री के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी, ओएसडी मोटिवेशन अनिता कुंडू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें....
ये भी पढ़ें....
सीएम खट्टर वन नेशन वन एजुकेशन पॉलिसी लागू क्यों नहीं करते?: अनुराग ढांडा