राष्ट्रपति मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की यात्रा पर रवाना, क्या है इस दौरे का मकसद?
President Droupadi Murmu
नई दिल्ली : President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को पुर्तगाल और स्लोवाकिया की चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर रवाना हुईं. वह पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर पुर्तगाल का दौरा कर रही हैं.
राष्ट्रपति की यह यात्रा 27 वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है, क्योंकि पिछली राजकीय यात्रा 1998 में हुई थी जब राष्ट्रपति के आर नारायणन पुर्तगाल गए थे.
वहीं 9-10 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के निमंत्रण पर स्लोवाकिया की यात्रा करेंगी. यह 29 वर्षों में भारत के किसी राष्ट्रपति की स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी.
इस बारे में एक्स पर पोस्ट करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने लिखा, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू @rashtrapatibhvn पुर्तगाल और स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा पर रवाना हुईं. 25 वर्षों से अधिक समय में भारत के राष्ट्रपति द्वारा किसी भी देश की यह पहली राजकीय यात्रा है."
साथ ही पोस्ट में कहा गया है, "इन यात्राओं से यूरोपीय संघ के दो महत्वपूर्ण साझेदारों के साथ भारत के बहुमुखी जुड़ाव का और विस्तार होगा." विशेष ब्रीफिंग के दौरान मीडिया से बात करते हुए विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल ने इन यात्राओं को दो महत्वपूर्ण ऐतिहासिक यात्राएं बताया.
उन्होंने यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह ऐसे समय हो रही है जब भारत और पुर्तगाल अपने राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और यह यात्रा मैत्री और साझेदारी को आगे ले जाएगी.
उन्होंने कहा, "भारत के किसी राष्ट्रपति की पुर्तगाल यात्रा को भी 27 वर्ष हो चुके हैं. इसलिए यह एक बहुत ही प्रतीकात्मक और ऐतिहासिक यात्रा है. उन्होंने कहा कि वह पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर पुर्तगाल की यात्रा करेंगी."
साथ ही सचिव लाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और पुर्तगाल के बीच उच्च स्तरीय यात्राओं का आदान-प्रदान हुआ है और यह दोनों देशों के बीच चल रहे उच्च स्तरीय जुड़ाव को दर्शाता है.
पुर्तगाल में राष्ट्रपति मुर्मू की भागीदारी वाले कार्यक्रमों के बारे में उन्होंने बताया कि वह अपने समकक्ष राष्ट्रपति सूसा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी. वहीं राष्ट्रपति (सूसा) उनके सम्मान में रात्रि भोज का भी आयोजन करेंगे.
राष्ट्रपति प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो से मिलेंगी. वह पुर्तगाल की संसद के अध्यक्ष डॉ. जोस पेड्रो एगुइर-ब्रैंको से भी मिलेंगी. राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में लिस्बन के मेयर भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे.
उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति पुर्तगाल में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मिलेंगी और उनके विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कुछ भारतीय शोधकर्ताओं से मिलने की संभावना है." उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह यात्रा ब्रातिस्लावा में भारतीय दूतावास की स्थापना के 30 वर्ष बाद हो रही है, जो 1995 में स्थापित किया गया था.