पंजाब से AAP के सभी विधायक दिल्ली तलब; चुनाव में हार के बाद केजरीवाल क्या करने जा रहे? CM भगवंत मान के सभी कार्यक्रम रद्द

Arvind Kejriwal Punjab MLAs

Arvind Kejriwal Called All Punjab AAP MLAs For Urgent Meeting in Delhi

Arvind Kejriwal Punjab MLAs: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। 2013 से दिल्ली की सत्ता में पांव जमाकर रखने वाली AAP इस बार कमाल नहीं कर पाई और BJP बाजी मार ले गई। दिल्ली का चुनाव रिजल्ट पूरी तरह से आम आदमी पार्टी के विश्वास के विपरीत रहा। जिसमें पार्टी अपनी जीत मानकर चल रही थी। फिलहाल, दिल्ली चुनाव में मिली हार के बाद अब आम आदमी पार्टी में अंदरूनी हलचल तेज हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी में बिखराव और विधायकों के टूटने की आशंका बनी हुई है। जहां इस बीच AAP सुप्रीमो केजरीवाल ने पंजाब से आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों को अर्जेंट दिल्ली तलब कर लिया है। CM भगवंत मान भी दिल्ली बुलाये गए हैं। बताया जा रहा है कि, मंगलवार (11 फरवरी) को केजरीवाल पंजाब आप के सभी विधायकों और सीएम भगवंत मान के साथ अहम बैठक करेंगे। यह बैठक दिल्ली के कपूरथला हाउस में होने जा रही है।

हालांकि, बैठक का एजेंडा क्या होगा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। यह माना जा रहा है कि, बैठक में दिल्ली चुनाव पर चर्चा केंद्रित होगी, क्योंकि पंजाब के संगठन ने दिल्ली चुनाव लड़ने में अहम भूमिका निभाई है। बैठक में दिल्ली चुनाव में हार की समीक्षा की जाएगी। वहीं दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि, दिल्ली गंवाने के बाद पार्टी नेतृत्व का ध्यान अब पंजाब की ओर है। अब केजरीवाल अपना पूरा फोकस पंजाब पर रखने वाले हैं। क्योंकि पूरे देश में आम आदमी पार्टी की इकलौती सरकार अब पंजाब में ही बची है।

कहा जा रहा है कि, अरविंद केजरीवाल अब पंजाब में सभी विधायकों को लोगों के बीच उतरकर उनसे तेजी से जुड़ने और उनके कामों को करने को कह सकते हैं। केजरीवाल विधायकों से वोटरों से जुड़ने जैसी बात कर सकते हैं। क्योंकि, पंजाब विधानसभा चुनाव भी 2027 में होना है। यानि पंजाब चुनाव को लगभग 2 साल की ही वक्त बचा है। ऐसे में दिल्ली हारने के बाद अब पार्टी पंजाब नहीं हारना चाहेगी। पंजाब की सत्ता में आम आदमी पार्टी अपने पांव जमाए रहे। केजरीवाल इस पर विचार-विमर्श और चर्चा कर सकते हैं।

CM भगवंत मान के सभी कार्यक्रम रद्द

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब के सभी आम आदमी पार्टी के विधायकों को दिल्ली बैठक की जानकारी दे दी गई है। सीएम भगवंत मान और सभी विधायकों को मंगलवार यानी 11 फरवरी को अपने प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिए कहा गया है। जिसके चलते CM भगवंत मान ने कल के अपने सभी प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं और दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

कांग्रेस के बयानों ने बढ़ाई AAP की चिंता!

गौरतलब है कि, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को हराया था। 117 में से 92 सीटें जीतकर आप सत्ता में आई. जिसके बाद भगवंत मान पंजाब मुख्यमंत्री बनाए गए। वहीं ऐसे में दिल्ली चुनाव में AAP की हार के बाद कांग्रेस के बयानों ने आम आदमी पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस के बयानों से केजरीवाल को डर सता रहा है कि उनके कई विधायक पार्टी छोड़ कर दूसरे दल में जा सकते हैं।

दरअसल, कुछ कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि पंजाब में करीब 20 आप विधायक दल बदल सकते हैं। हालांकि, किसी आप नेता की तरफ से आधिकारिक तौर पर इस दावे को लेकर कुछ नहीं कहा गया है। वहीं गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में मध्यावधि चुनाव की संभावना जताई। उन्होंने कहा, 'पंजाब को मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए। क्योंकि पंजाब में आप विधायकों का झुंड बिखर जाएगा।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को मिलीं 22 सीटें

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी की सीटें इस बार काफी ज्यादा गिर गईं। इस बार आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली हैं। वहीं बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि पिछले चुनाव में बीजेपी मात्र 8 सीटें ही जीतने में कामयाब हो पाई थी और वहीं आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इस बार आप 62 से 22 पर आ गई और बीजेपी 8 से 48 पर चली गई।