मशहूर UPSC टीचर Awadh Ojha भी चुनाव हारे; दिल्ली में पूर्वांचली चेहरा थे, अलग अंदाज-मिजाज के लिए जाने जाते, क्या बोल रहे?
![Awadh Ojha Election Result](https://www.arthparkash.com/uploads/Awadh-Ojha-Election-Result.jpg)
Awadh Ojha Patparganj Election Result 2025 Aam Aadmi Party Arvind Kejriwal
Awadh Ojha Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में AAP के कई दिग्गजों की हार के साथ मशहूर UPSC टीचर Awadh Ojha भी अपनी पहली चुनावी पारी हार गए। आम आदमी पार्टी ने अवध ओझा को पटपड़गंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। लेकिन वह इस सीट से जीत हासिल नहीं कर सके। अवध ओझा को यहां से बीजेपी उम्मीदवार रविंदर नेगी से हार का सामना करना पड़ा। ओझा 28,072 वोटों से हारे हैं। उन्हें 45,988 वोट मिले, जबकि नेगी को 74,060 वोट मिले।
दिल्ली में पूर्वांचली चेहरा थे
अवध ओझा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं। वह दिल्ली में आम आदमी पार्टी की तरफ से एक बड़े पूर्वांचली चेहरा थे। लेकिन उनके लिए अपनी सीट पर पूर्वांचली फ़ैक्टर काम नहीं आया। जनता ने अवध ओझा को नकार दिया। वहीं अवध ओझा ने इस हार की जिम्मेदारी व्यक्तिगत तौर पर ली है। इसके साथ ही पटपड़गंज विधानसभा की जनता को उन्हें दूसरे स्थान पर रखने के लिए भी आभार जताया है।
अवध ओझा ने कहा, "मैं जनता का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं दूसरे स्थान पर आया, अगली बार खुद को शीर्ष पर लाने की कोशिश करूंगा। चूक यह हुई कि मैं सभी से मिल नहीं पाया, शायद मुझे इसके लिए अच्छा समय नहीं मिला लेकिन फिर भी मैं इस हार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेता हूं।" गौरतलब है कि, अवध ओझा 2 दिसंबर 2024 को केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद चुनाव में आप ने उन्हें टिकट भी दे दी।
सोशल मीडिया और लाखों युवाओं के बीच मशहूर हैं अवध ओझा
अवध ओझा सोशल मीडिया और लाखों युवाओं के बीच मशहूर हैं। जब अवध ओझा की राजनीति में एंट्री हुई तो यह माना जा रहा था कि वह नामी होने के चलते उन्हें राजनीति में लाभ मिल सकता है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर लाखों फालोवर्स रखने के बावजूद भी अवध ओझा चुनाव में राजा नहीं पाए और बुरी तरह से अपनी पहली ही चुनावी पारी हार गए।
अलग अंदाज के लिए जाने जाते अवध ओझा
मशहूर UPSC टीचर अवध ओझा को उनके अलग अंदाज और मिजाज के लिए खासतौर से जाना जाता है। अवध ओझा एक शिक्षक के साथ-साथ एक मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं। सोशल मीडिया पर अवध ओझा के वीडियोज़ की भरमार हैं। उनके ऑनलाइन वीडियोज़ खूब वायरल होते हैं। जिन्हें लाखों लोग देखते हैं. अवध ओझा के वीडियोज़ ऐसे होते हैं। जिनमें वह युवाओं में एकदम से जोश भरते हुए नजर आते हैं।
अवध ओझा शिक्षा की बातों के साथ-साथ कहीं युवाओं से 'बदमाशी' की बात करते हैं तो कहीं 'हथियारों' की तो कहीं उन्हें 'राजा बनने' तो कभी 'पागलों' जैसा व्यवहार रखने की बात कहते हैं। इसके साथ ही वह तमाम मुद्दों और राजनीतिक चेहरों पर भी खुलकर बोलते आए हैं। फिलहाल वह अपने स्टूडेंट्स को खास अंदाज में पढ़ाते हैं। इसलिए अवध ओझा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा नाम रखते हैं। उनकी शिक्षा के क्षेत्र में खास पहचान है।