गाय को 'राज्यमाता' का दर्जा दिए जाने का आदेश; महाराष्ट्र में सरकार का बड़ा फैसला, ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य, चर्चा हो रही

Maharashtra Govt Declares Desi Cows As Rajya Mata CM Eknath Shinde Order

Maharashtra Govt Declares Desi Cows As 'Rajya Mata' CM Eknath Shinde Order

Desi Cows Rajya Mata: महाराष्ट्र में देशी गाय को 'राज्यमाता' का दर्जा दिए जाने का आदेश जारी किया गया है। सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ने आज 30 सितंबर को कैबिनेट बैठक में ये बड़ा फैसला लिया। इस फैसले को लेकर हर तरफ चर्चा शुरू हो गई है। क्योंकि इस प्रकार का फैसला करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है। इससे पहले किसी भी राज्य में गाय को 'राज्यमाता' घोषित नहीं किया गया है। आमतौर पर गाय को गौमाता जरूर कहा जाता है।

फिलहाल, देशी गाय को 'राज्यमाता' का दर्जा देकर महाराष्ट्र सरकार ने एक अलग ही कदम उठाया है। सरकार के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है और चुनाव के लिहाज से शिंदे सरकार का ये फैसला अहम माना जा रहा है। मसलन, महाराष्ट्र में अब जो देशी गायें होंगी। वह 'राज्यमाता' का दर्जा प्राप्त करेंगी। उन्हें गौमाता के साथ अब 'राज्यमाता' भी कहा जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, देशी गायों को राज्यमाता का दर्जा दिए जाने का जो आदेश महाराष्ट्र सरकार की तरफ से जारी हुआ है उसमें लिखा है- देशी गाय का भारतीय संस्कृति, वैदिक काल से महत्व है। आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, पंचगव्य उपचार पद्धति, इस तरह गोबर और गोमूत्र से जैविक खेती पद्धति के महत्व को देखते हुए देशी गायों को अब से "राज्यमाता" घोषित करने की मंजूरी दी गई है।

सब्सिडी योजना भी शुरू की गई

महाराष्ट्र सरकार ने देशी गायों को 'राज्यमाता' घोषित करने के साथ उनके लिए सब्सिडी योजना भी शुरू की है। महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि, महाराष्ट्र सरकार ने महाराष्ट्र में गोसेवा आयोग के साथ पंजीकृत गोशालाओं में देशी गायों के लिए सब्सिडी देने का फैसला किया है। इससे महाराष्ट्र में देशी गायों के संरक्षण और पालन-पोषण में बहुत मदद मिलेगी। इससे गोशालाएं भी ठीक से काम कर पाएंगी।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा- देशी गायें किसानों के लिए वरदान

सरकार के इस फैसले को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि देशी गायें हमारे किसानों के लिए एक वरदान हैं, इसलिए हमने उन्हें 'राज्यमाता' का दर्जा देने का निर्णय लिया है। साथ ही हमने देशी गायों के परि पोषण और चारे के लिए सब्सिडी योजना शुरू करके मदद करने का भी निर्णय लिया है।

विपक्ष ने साधा निशाना

महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले पर शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा- मौजूदा सरकार किसे बरगलाने की कोशिश कर रही है, महाराष्ट्र की जनता सब जानती है, सब देख रही है। हम गाय माता को अपनी माता मानते हैं, गाय को माता का दर्जा देने के लिए हमें आपसे सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। हम सनातनी हैं, हम हिंदू हैं। बालासाहेब ठाकरे गाय माता की पूजा करते थे, इसलिए हमें मत सिखाइए, जनता को मत सिखाइए। बेहतर है सरकार विकास के मुद्दों पर बात करें, जिस पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।