यूथ कांग्रेस के नए चीफ होंगे उदय भानु चिब; राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से श्रीनिवास बीवी की छुट्टी, 2 दिन पहले राहुल गांधी से की थी मुलाकात

Uday Bhanu Chib Appointed As New President Indian Youth Congress

Uday Bhanu Chib Appointed As New President Indian Youth Congress

Indian Youth Congress: इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से श्रीनिवास बीवी की छुट्टी हो गई है. श्रीनिवास की जगह अब उदय भानु चिब यूथ कांग्रेस के नए चीफ बनाए गए हैं। कांग्रेस ने उदय भानु चिब को यूथ कांग्रेस का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान में वह भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पूर्व में वह जम्मू-कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। साथ ही इससे पहले एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।

उदय भानु चिब यूथ कांग्रेस के 20वें अध्यक्ष बने हैं। यूथ कांग्रेस के पहले अध्यक्ष नारायण दत्त तिवारी थे। इसके साथ ही उदय भानु चिब दूसरे ऐसे नेता हैं, जो जम्मू-कश्मीर से आते हैं और कांग्रेस ने उन्हें यूथ कांग्रेस का प्रमुख बनाया है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले गुलाम नबी आजाद ही यूथ कांग्रेस के प्रमुख बने हैं। आजाद 1980 से 1982 तक यूथ कांग्रेस के प्रमुख रहे थे। वहीं अभी 43 साल के श्रीनिवास बीवी लंबे समय से यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी को संभाल रहे थे। कांग्रेस ने श्रीनिवास बीवी को अगस्त 2019 में यूथ कांग्रेस की कमान सौंपी थी।

राहुल गांधी गुट के नेता हैं उदय भानु चिब

उदय भानु चिब, राहुल गांधी गुट के नेता हैं। वह राहुल को अपना नेता मानते हैं और उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हैं। हाल ही में 20 सितंबर को उदय भानु ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाक़ात की थी। वहीं मुलाक़ात की एक तस्वीर भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर शेयर की और कैप्शन लिखा- ''A Memorable meet with My LEADER Rahul Gandhi ji! आपका सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष और अडिगता, हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है।''

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति

कांग्रेस अपने संगठन में बड़े बदलाव कर रही है। पार्टी ने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति भी की है। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में अधीर रजंन चौधरी की जगह शुभांकर सरकार को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष पर कहा, "हम कुछ नहीं कहना चाहते। कोई भी अध्यक्ष बन सकता है। इसमें क्या बड़ी बात है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. पार्टी हाईकमान को प्रदेश अध्यक्ष चुनने का अधिकार है।

West Bengal Pradesh Congress President