साल 2024 में 95 लाख लोगों ने किए माता वैष्णो देवी के दर्शन; श्राइन बोर्ड ने दी जानकारी, यह एक दशक में दूसरी सबसे बड़ी संख्या

How Many Devotees Visited Mata Vaishno Devi Dham Katra In Year 2024
Vaishno Devi Devotees: जम्मू के कटरा में विराजमान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए लोगों में उत्सुकता और उमंग रहती है। यही कारण है कि हर दिन हजारों की तादाद में लोग माता वैष्णो देवी धाम पहुंचते हैं और श्राइन बोर्ड के नियमों के साथ माता के दर्शन के लिए यात्रा शुरू करते हैं। खासकर, हर साल के आखिरी दिन यानि 31 दिसंबर को माता वैष्णो देवी धाम में लोगों की भीड़ में और ज्यादा वृद्धि हो जाती है।
इसी प्रकार साल 2024 में भी दिसंबर के अंत में माता वैष्णो देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। वहीं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने साल 2024 में धाम पहुंचकर माता के दर्शन करने वाले वार्षिक श्रद्धालुओं को लेकर जानकारी दी है। श्राइन बोर्ड ने बताया है कि, साल 2024 में कितने रजिस्टर्ड श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए।
साल 2024 में करीब 95 लाख लोगों ने किए माता वैष्णो देवी के दर्शन
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के CEO अंशुल गर्ग के अनुसार, 2024 में 94.83 लाख श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी तीर्थ पर आकर माता के दर्शन किए हैं। जो एक दशक में दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। बताया जाता है कि, पिछले वर्ष वार्षिक श्रद्धालुओं की संख्या 95.22 लाख थी। पिछले वर्ष की तुलना में साल 2024 की संख्या करीब 42,000 कम है। आइये जानते हैं कब-कब कितने लोग वैष्णो देवी पहुंचे।
बताया जाता है कि, वर्ष 2012 में श्रद्धालुओं की संख्या 1.04 करोड़ के उच्चतम स्तर को छू गई थी। वर्ष 2013 में श्रद्धालुओं की संख्या 93.24 लाख से घटकर वर्ष 2014 में 78.03 लाख, वर्ष 2015 में 77.76 लाख तथा वर्ष 2016 में 77.23 लाख रह गई। वर्ष 2017 में यह संख्या बढ़कर 81.78 लाख तथा वर्ष 2018 में 85.87 लाख हो गई तथा वर्ष 2019 में यह संख्या फिर घटकर 79.40 लाख रह गई।
माता वैष्णो देवी का धाम है चमत्कारिक
जम्मू के कटरा में त्रिकुट पर्वत पर विराजमान और मां दुर्गा को समर्पित शक्तिपीठों में से एक माता वैष्णो देवी की महिमा धन्य है। माता वैष्णो देवी (Mata Vaishno Devi) से न जाने कितने ही लोगों की आस्था जुड़ी है। ऐसी मान्यता है कि, माता वैष्णो देवी भी सबकी मुरादें पूरी करती हैं, उनके दुःख-दर्द दूर करती हैं। इसीलिए न जाने कितने लोग माता वैष्णो देवी के दरबार में शीश झुकाने जाते रहते हैं। दरबार में लोगों का तांता लगा रहता है।
ऊंची चढ़ाई भी श्रद्धालुओं को डिगा नहीं पाती
हर साल लाखों की संख्या में लोग धाम पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। जबकि माता के दर्शन करने के लिए मुश्किल रास्तों से गुजरना पड़ता है। ऊंची चढ़ाई श्रद्धालुओं को पस्त कर देती है। लेकिन फिर श्रद्धालु भारी से भारी संख्या में माता के धाम आते हैं। क्योंकि हर कोई माता वैष्णो देवी धाम जाकर मैया के दर्शन कर आशीर्वाद पाना चाहता है, पर माता हर किसी को अपने पास नहीं बुलातीं। जिन्हें बुलावा आता है वही मां के पास जा पाता है।