Himachal Cloud Burst- हिमाचल के कुल्लू में फटा बादल; CM ने कहा- लोगों के घरों को भारी नुकसान, हम जायजा ले रहे

हिमाचल के कुल्लू में फटा बादल; CM ने कहा- लोगों के घरों को भारी नुकसान, हम जायजा ले रहे, DC का बयान- तबाही में बह गईं दुकानें

Himachal Pradesh Kullu Tosh village Cloud Burst News Update

Himachal Pradesh Kullu Tosh village Cloud Burst News

Himachal Tosh Cloud Burst: मॉनसून के इस मौसम के दौरान हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। जहां इस बीच लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनायें लोगों के जीवन पर आफत बन गईं हैं। अभी हाल ही में कुल्लू जिले के मनाली में बादल फटने से ब्यास नदी और अंजनी महादेव नाले में बाढ़ आ गई थी और भारी तबाही का मंजर दिखा था।

वहीं अब कुल्लू में ही मणिकर्ण घाटी के तोष गांव में मंगलवार सुबह तड़के बादल फटने के चलते बाढ़ आई है और सैलाब के बवंडर में गांव के कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। यहां तक की की गांव का फुटब्रिज भी बह गया है। जिससे यहां से कनेक्टविटी भी टूट गई है। हालांकि, राहत-बचाव का कार्य जारी है, गनीमत यह है कि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

CM ने कहा- लोगों के घरों को भारी नुकसान

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बादल फटने की घटना पर बयान सामने आया है। सीएम ने कहा कि, कुल्लू के तोश में बादल फटा है, भगवान का शुक्र है कि किसी की मृत्यु नहीं हुई है। हालांकि लोगों के घरों को भारी नुकसान हुआ है और सरकार नुकसान का जायजा ले रही है। इससे पहले जब तोष में बादल फटा था तो उस दौरान सीएम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिये आवश्यक निर्देश दिये थे।

सीएम ने कहा था- कुल्लू ज़िले की मणिकर्ण घाटी के तोष गाँव में बादल फटने के चलते आई बाढ़ की दुखद खबर मिली। मैंने स्थानीय प्रशासन से सम्पर्क कर उन्हें राहत एवं बचाव कार्य के लिये आवश्यक निर्देश दिये हैं। प्रदेश में तमाम जगहों पर भारी बारिश के चलते हो रही है ऐसी घटनाओं पर हमारी नजर है और प्रशासन राहत कार्यों के लिए हर जरुरी कदम उठा रहा है। प्रदेश के नागरिकों एवं सैलानियों से मेरा अनुरोध है कि वे सावधानी बरतें एवं नदी-नालों के पास जाने से बचें।

DC का बयान- तबाही में बह गईं दुकानें

कुल्लू जिला उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने बताया कि, आज सुबह तोश में बादल फटा। जिसमें फुटब्रिज और 2-3 दुकानें बह गई। साथ ही एक होटल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि गनीमत यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई है। मौके पर बहाली का काम जारी है। टीमें मरम्मत के लिए मौके पर पहुंच गई हैं। लोगों के लिए हमें कुछ आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

हिमाचल में प्राकृतिक घटनाओं के चलते कई लोगों की जान गई

जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 27 जून से लेकर अब तक प्राकृतिक घटनाओं के चलते 124 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा जिला कांगड़ा में 23 लोगों की जान गई है। मानव जीवन का यह भारी नुकसान है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया था कि हिमाचल प्रदेश में मानसून मौसम में इस बार पिछले साल जितना नुकसान नहीं हुआ है। बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है।

विक्रमादित्य ने कहा था कि, वर्तमान में प्रदेश में 117 सड़कें बंद हैं। करीब 183 करोड़ रुपए का नुकसान प्रदेश को, हमारे विभाग को हुआ है। प्रदेश में लगभग 264 मशीन विभिन्न क्षेत्रों में काम पर लगाई गई हैं जिसमें JCB और पोकलेन भी हैं। आपदा में कोई भी सहायता केंद्र सरकार की तरफ से नहीं मिली। लेकिन राज्य सरकार हर तरीके के राहत कार्य में लगी है।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर लैंडस्लाइड; पहाड़ खिसकने से सड़क पर गिरे भारी पत्थर, अखबार ले जा रही पंजाब नंबर की गाड़ी चपेट में, 1 मौत

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में बादल फटने से तबाही; मनाली-लेह नेशनल हाईवे बंद, पानी के सैलाब के साथ पुल के ऊपर आ गए बड़े-बड़े पत्थर, मंजर देखिए