ईडी के खिलाफ सडक़ों पर उतरी हरियाणा कांग्रेस, हुड्डा व उदयभान समेत कई नेता हिरासत में
- By Vinod --
- Thursday, 17 Apr, 2025

Haryana Congress took to the streets against ED
Haryana Congress took to the streets against ED- चंडीगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी व उनके परिजनों के विरूद्ध ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
गुरुग्राम में नेशनल हेराल्ड और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के इंडस्ट्रियलिस्ट पति रॉबर्ट वाड्रा के जमीन घोटाले मामले को लेकर ईडी उनसे पूछताछ कर रही है। इसी के विरोध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता सडक़ों पर उतरे। कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड की संपत्ति को अनुचित तरीके से जब्त करने और पार्टी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने को केंद्र सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है।
गुरुवार को हरियाणा कांग्रेस के शीर्ष नेता चंडीगढ़ में प्रदर्शन के लिए जमा हुए थे। यहां उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को लेकर रोष जताया। वहीं, केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं ने हरियाणा कांग्रेस कार्यालय से ईडी कार्यालय की तरफ कूच कर दिया। इसमें हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के तमाम सांसद, विधायक और नेता पैदल मार्च कर आगे बढ़ रहे थे।
चंडीगढ़ पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए रास्ते में बेरिकेडिंग की। नेता इससे रुके नहीं और लगातार आगे बढऩे की कोशिश करते रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी धक्कामुक्की भी हुई। जब मामला बढ़ता दिखा तो पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सभी नेताओं को जबरदस्ती वैन में बैठाया और थाने ले गई। रास्ते भर नेता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। थाने पहुंचने के बाद भी उन्होंने भाजपा और ईडी के खिलाफ नारे लगाए।
हंगामे के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने हुड्डा समेत सभी नेताओं को हिरासत में लिया और सेक्टर-तीन के पुलिस थाने में ले गई। कांग्रेसियों ने करीब आधे घंटे तक पुलिस थाने के भीतर ही प्रदर्शन किया। थाने में कुछ देर बैठाने के बाद इन्हें छोड़ दिया गया।
इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि स्वतंत्र एजेंसियां और न्याय व्यवस्था लोकतंत्र का आधार हैं। अगर इनका इस्तेमाल राजनीतिक दुर्भावना से किया जाएगा तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद घातक साबित होगा। कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ की जा रही कार्रवाई बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार के इशारे पर ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस को मनी लॉन्ड्रिंग केस में बदल दिया और ईडी 10 साल बाद चार्जशीट पेश की गई है। जबकि यह नो प्रॉफिट, नो लॉस ट्रस्ट है। यह हमारे शीर्ष नेताओं के खिलाफ एक राजनीतिक प्रतिशोध है। जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। हुड्डा ने कहा कि हम यह लड़ाई सड़कों पर, कोर्ट में और संसद में लड़ेंगे।
चंडीगढ़ पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, अंबाला के सांसद वरूण मुलाना, सांसद जय प्रकाश, कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, विधायक अशोक अरोड़ा, रघुबीर कादयान, आफताब अहमद, गीता भुक्कल,आदित्य सुरजेवाला, शकुंतला खटक, इंदुराज नरवाल, शीशपाल केहरवाला, पूजा मुलाना, बलराम दांगी, मंजू चौधरी, विकास सहारण, राकेश कंबोज, रघुवीर तेवतिया, अर्जुन सिंह, सुधा भारद्वाज, मनोज बागड़ी, देवेंद्र हंस, चंद्र प्रकाश जांगड़ा, नरेश सेलवाल, राव दान सिंह, रमन त्यागी, मनदीप चठा, रेनू बाला, शैली चौधरी, बलवान दौलतपुरिया, कुलदीप वत्स, दिव्यांशु बुद्धिराजा, बलबीर वाल्मीकि,अमित सिहाग, सुल्तान जड़ौला, जस्सी पेटवाड़,सुभाष गांगोली, रामकरण काला, रोहित नागर,पूनम चौहान चाँदवीर हुड्डा आदि हज़ारों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया और गिरफ्तारी दी।