'वक्फ कानून ठीक होता तो मुसलमान पंचर नहीं बनाते'; हरियाणा में PM मोदी बोले- कांग्रेस किसी मुस्लिम को पार्टी अध्यक्ष बनाकर दिखाए
PM Narendra Modi Hisar Rally Speech Video Haryana Visit Live
PM Modi Hisar Rally Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह हरियाणा के हिसार पहुंचे। जहां सीएम नायब सैनी ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं यहां पीएम मोदी ने हिसार हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी। साथ ही हिसार से अयोध्या के लिए पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। जहां इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को लेकर जमकर हमला बोला। पीएम ने SC-ST और ओबीसी के आरक्षण और वक्फ कानून पर कांग्रेस की घेराबंदी की।
कांग्रेस धर्म के नाम आरक्षण देना चाह रही
पीएम मोदी ने कहा कि, हमारे संविधान ने SC-ST और ओबीसी के लिए आरक्षण का प्रावधान किया। लेकिन कांग्रेस ने इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस ने राजनीतिक खेल खेलने के लिए इसे तुष्टीकरण का माध्यम बना दिया। कांग्रेस धर्म के नाम पर आरक्षण देना चाह रही है। जबकि बाबा साहब ने कहा था कि संविधान में कभी भी धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा और हमारे संविधान ने इस पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। वहीं इसी के साथ पीएम ने मुस्लिम समाज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति का बहुत बड़ा नुकसान मुस्लिम समाज को भी हुआ है। कांग्रेस ने केवल कुछ कट्टर पंथियों को ही खुश किया। बाकी समाज बेहाल रहा, अशिक्षित रहा और गरीब रहा। पीएम ने कहा कि, कांग्रेस की तुष्टीकरण का सबसे बड़ा प्रमाण वक्फ कानून है। देश आजाद होने के बाद 2013 तक संविधान के मुताबिक वक्फ कानून चलता था लेकिन चुनाव जीतने वोट बैंक की राजनीति के लिए 2013 के आखिरी सत्र में कांग्रेस ने वक्फ कानून में आनन-फानन संसोधन कर दिया।
कांग्रेस ने वोट बैंक को खुश करने के लिए इस कानून को ऐसा बना दिया कि बाबा साहब अंबेडकर के संविधान की ऐसी की तैसी। कांग्रेस ने संविधान का अपमान किया। अब कांग्रेस वाले कहते हैं कि उन्होंने मुसलमानों के हित में किया। लेकिन मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि अगर सच में मुसलमानों से इतनी हमदर्दी है तो कांग्रेस अपनी पार्टी का अध्यक्ष किसी मुसलमान को बनाए। क्यों नहीं बनाते।
कांग्रेस वाले जब लोकसभा चुनाव में टिकट देते हैं तो 50% मुसलमानों को दो। जीतकर आएंगे तो अपनी बात रखेंगे। लेकिन सच बात यह है कि, कांग्रेस ने अपने पास से कुछ नहीं देना है बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों को छीनना है। कांग्रेस की नियत किसी का भी भला करने की नहीं रही है और मुसलमानों का भी भला करने की नहीं रही। यही कांग्रेस की सच्चाई है।
पीएम मोदी ने कहा कि, वक्फ के नाम लाखों हेक्टेयर जमीन पूरे देश में है। इस जमीन से मुसलमान समाज के गरीब लोगों का, बेसहारा महिलाओं और बच्चों का भला होना चाहिए था। लेकिन उनका भला नहीं हुआ। यदि ईमानदारी से जमीन का उपयोग हुआ होता तो आज हमारे मुसलमान नौजवानों को साइकिल के पंचर बनाकर ज़िंदगी नहीं गुजारनी पड़ती। लेकिन इससे सिर्फ मुट्ठी भर भू-माफियाओं का भला हुआ। जो गलत वक्फ कानून के नाम पर ज़मीनों को लूट रहे थे। अब वक्फ कानून में बदलाव के बाद ये सब बंद हो जाएगा।
कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई
पीएम मोदी ने कहा कि, बाबा साहब संविधान के संरक्षक थे और कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई है। डॉ अंबेडकर देश में समानता लाना चाहते थे लेकिन कांग्रेस ने देश में वोट बैंक का वायरस फैला दिया। बाबा साहब चाहते थे कि, हर गरीब गरिमा के साथ जी सके। उसके भी सपने पूरे हों। लेकिन कांग्रेस ने SC-ST और ओबीसी को सेकेंड क्लास सिटीजन बना दिया। कांग्रेस के लंबे शासन काल में उसके नेताओं के घर तक स्वीमिंग पूल तक पानी पहुंच गया लेकिन गांव में नल से जल नहीं पहुंच पाया।
पीएम ने कहा कि, आजादी के 70 साल भी गांवों में सिर्फ 16% घरों में ही जल आता था। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित SC-ST और ओबीसी के लोग थे। आज जो गली-गली जाकर भाषण झाड़ रहे हैं, वो कम से कम पानी तो पहुंचा देते। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। आज हमारी सरकार ने 6 से 7 साल में 12 करोड़ से ज्यादा ग्रामीण घरों में नल कनेक्षण दिये हैं और गांवों के 80% घरों में नल से जल आ रहा है। हम जल्द ही हर घर तक नल से जल पहुंचाएंगे।
वहीं पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस ने हमारे पवित्र संविधान को सत्ता हासिल करना का एक हथियार बना दिया। जब कांग्रेस को सत्ता का संकट दिखा, उन्होंने संविधान को कुचल दिया। कांग्रेस ने आपातकाल में संविधान को कुचला ताकि जैसे-तैसे सत्ता बनी रहे। पीएम ने कहा कि, संविधान की भावना है कि सबके लिए एक जैसी नागरिक सहिंता हो। लेकिन कांग्रेस ने इसे कभी लागू नहीं किया। आज जब हम इसे लागू कर रहे हैं तो कांग्रेस के लोग इसका विरोध कर रहे हैं।
बाबा साहब के अनुरूप में हमारी सरकार विकास कर रही
पीएम मोदी ने कहा कि, हरियाणा के हिसार से मेरी कई यादें जुड़ी हुईं हैं। जब बीजेपी ने मुझे हरियाणा की ज़िम्मेदारी दी थी तो मैंने यहां के अनेक साथियों के साथ मिलकर काम किया और इसी का नतीजा है कि आज बीजेपी की नींव मजबूत है और हमारी सरकार हरियाणा के विकास के लिए कम कर रही है। वहीं पीएम मोदी ने बाबा साहब अंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि, आज दलित, पीड़ित, शोषित और वंचित लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है, उनके जीवन में आज ये दूसरी दिवाली होती है।
बाबा साहब का संघर्ष, उनका संदेश हमारी सरकार के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। हमारी सरकार निरंतर बाबा साहब के अनुरूप में देश के विकास में लगी हुई है। हमारी सरकार आज गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है और साथ ही सामाजिक न्याय और समानता सुनिक्षित कर रही है। बाबा साहब अंबेडकर की हमेशा से यही इच्छा थी। लेकिन हम यह कभी नहीं भूलेंगे कि कांग्रेस ने बाबा साहब के साथ क्या किया। जब तक बाबा साहब अंबेडकर जीवित थे, तब तक कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया।