राम रहीम अब 13वीं बार जेल से बाहर; हरियाणा सरकार ने 21 दिन की फरलो दी, इसी साल जनवरी में दी थी पैरोल, आजादी पर बवाल

Ram Rahim Gets 21 Days Furlough Out From Jail Again Latest News

Ram Rahim Gets 21 Days Furlough Out From Jail Again Latest News

Ram Rahim Furlough News: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) अब एक बार फिर से जेल से बाहर आ गया है। राम रहीम को हरियाणा सरकार ने 21 दिन की फरलो दी है। जहां इन 21 दिनों तक वह जेल से आजाद रहेगा। राम रहीम को बुधवार सुबह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकाल दिया गया। जिसके बाद वह अपने सिरसा डेरे के लिए रवाना हो गया। इस बीच पुलिस की कड़ी सुरक्षा रही।

इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जब जनवरी 2025 में राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी, तो तब भी वह सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था। जबकि इससे पहले वह जेल से बाहर आने पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा आश्रम के लिए जाता रहा है और यहीं जेल से आजादी के अपने दिन काटे हैं। बताया जाता है कि, आज जब राम रहीम को सुनारिया जेल से बाहर निकाला गया तो इस बीच हनीप्रीत उसे खुद लेने पहुंची थी। राम रहीम को जेल से निकालने के लिए हनीप्रीत ने खुद कमान संभाली।

वहीं राम रहीम के जेल से बाहर आते ही हनीप्रीत काफिले के साथ राम रहीम को लेकर सिरसा के लिए निकल गई। राम रहीम के सिरसा डेरे में रुकने से डेरे के समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है, हालांकि राम रहीम ने पहले ही अनुयायियों से अपील की है कि वे डेरे पर भीड़ न लगाएं। राम रहीम ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने को कहा है। जबकि दूसरी तरफ राम रहीम को जेल से बाहर निकालने पर बवाल पैदा हो गया। लोग राम रहीम को जेल से बाहर करने पर हरियाणा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

अब जब डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम 13वीं बार जेल से बाहर आया है तो लोगों का कहना है कि, हरियाणा सरकार आखिर राम रहीम पर इतनी मेहरबान क्यों हो रही है कि बार-बार उसे जेल से बाहर आने की छूट दी जा रही है। लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि, पता नहीं यह अपराधी कैसे दो-चार महीने के अंतर में जेल से बाहर आ जाता है। गजब है सरकार! सरकार का यह रवैया संदेह पैदा करता है। बहराल लोग राम रहीम के जेल से बाहर आने का विरोध कर रहे हैं और सरकार को ताने मार रहे हैं। लोग राम रहीम का जेल से बाहर आना चुनावी फायदे से भी जोड़ते हैं।

इधर, गुरमीत सिंह राम रहीम को जेल से बाहर निकालने के फैसले का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की तरफ से भी विरोध किया जा चुका है। SGPC ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर लाने का विरोध जताया था। जिस पर कोर्ट ने हरियाणा सरकार को फटकार भी लगाई थी। इस दौरान हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट में सफाई दी थी कि सिर्फ राम रहीम ही नहीं बल्कि हत्या और बलात्कार जैसे जैसे मामलों में सजा काट रहे कैदियों को इसी तरह से नियमों के मुताबिक पैरोल या फरलों की सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।

वहीं सुप्रीम कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की अस्थायी रिहाई के खिलाफ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। आइये अब यह जानते हैं कि, डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 2017 में जेल जाने के बाद अब तक कितनी बार जेल से बाहर आया है।

कब-कब जेल से बाहर आया राम रहीम?

डेरा चीफ राम रहीम 2017 से जेल में बंद है और तब से अब तक वह 13 बार जेल से बाहर आ चुका है। राम रहीम को सबसे पहले 24 अक्टूबर 2020 में एक दिन की पैरोल मिली और फिर 21 मई 2021 में 48 घंटे की पैरोल मिली। इसके बाद 7 फरवरी 2022 में राम रहीम को पहली बार 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर किया गया। इसके बाद 17 जून 2022 में 30 दिन की पैरोल, 14 अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल, 21 जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल, 30 जुलाई 2023 में 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।

इसी प्रकार 21 नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो, 19 जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल और अब 13 अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया। वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2 अक्टूबर 2024 को राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 28 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल मिली। वहीं अब आज 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया है।

रणजीत सिंह मर्डर केस में राम रहीम बरी

ज्ञात रहे कि, 28 मई 2024 को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी थी। हाईकोर्ट ने चर्चित रणजीत सिंह मर्डर केस में दोषी राम रहीम को बरी कर दिया था। राम रहीम के साथ-साथ इस केस में दोषी 4 और लोगों को भी बरी कर दिया गया था।

राम रहीम सहित इन पांचों दोषियों को पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट ने 8 अक्टूबर 2021 को राम रहीम सहित 5 लोगों को आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी करार दिया था। इसके बाद 12 अक्टूबर 2021 को सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। लेकिन हाईकोर्ट ने सीबीआई कोर्ट का यह फैसला पलट दिया। राम रहीम ने उम्रकैद की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी।

दो मामलों में अभी जेल में रहेगा राम रहीम

रणजीत सिंह मर्डर केस में बरी होने के बाद भी राम रहीम पत्रकार हत्याकांड और साध्वियों से रेप केस में जेल में रहेगा। बतादें कि, राम रहीम को एक नहीं तीन-तीन मामलों में में सजा मिली हुई थी। सबसे पहले 2017 में राम रहीम को साध्वियों से यौन शोषण मामले में राम रहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई।

इसके बाद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई और इसके बाद रणजीत सिंह हत्याकांड में फैसला आया। इसमें भी राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। तीनों ही मामलोँ में पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत ने फैसला सुनाया। राम रहीम रोहतक जिले की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है।