हरियाणा के नूंह में ईद पर हिंसक झड़प; 2 पक्षों में खूनी संग्राम, दर्जन से ज्यादा लोग घायल, कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची

Nuh Violent Clash Between 2 Groups On Eid Video Crime News
Nuh Violent Clash On Eid: आज ईद का त्योहार है और ऐसे मौके पर हरियाणा के नूंह में एक बार फिर हिंसा की तस्वीर देखने को मिली है। यहां सोमवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया। जब 2 पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ लाठी-डंडे चले। इधर हिंसा की सूचना मिलते ही स्थिति को कंट्रोल करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मौके पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि, अभी स्थिति कंट्रोल में कर ली गई है। दोनों पक्षों की तरफ से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे।
दर्जन से ज्यादा लोग घायल
इस झड़प में दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ की हालत गंभीर भी है। बताया जाता है कि, दोनों पक्ष एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। यानि मुस्लिम समुदाय के ही दो पक्षों में यह झड़प हुई। पहले से ही दोनों पक्षों में किसी जमीन को लेकर पुराना लड़ाई-झगड़ा चल रहा था। वहीं आज ईद की नमाज के बाद दोनों पक्ष अचानक से आपस में भिड़ गए। जिसके बाद ताबड़तोड़ लाठी-डंडे चले। खेतों में दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चला रहे थे। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मची रही।
नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा याद है?
साल 2023 में नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा को याद कर लोग आज भी दहल जाते हैं। तब नूंह जल उठा था। हर तरफ भयंकर आगजनी और तोड़फोड़ के साथ हमले हो रहे थे। दरअसल, नूंह में हिंसा उस वक्त हुई जब यहां से 31 जुलाई 2023 को हिंदुओं की धार्मिक बृजमंडल यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा में शामिल लोगों पर दूसरे समुदाय की तरफ से अचानक पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते हालात इस कदर बिगड़ गए कि, जमकर पत्थरबाजी हुई और आगजनी की गई। यात्रा में शामिल कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।
वहीं कई गाड़ियां पथराव में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त की गईं। पत्थरबाजों ने पुलिस फोर्स पर भी पथराव किया और उनकी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। 31 जुलाई 2023 को पूरा दिन नूंह इसी तरह जलता रहा। वहीं इस हिंसा में कई लोगों की मौत हुई। जबकि कई दिनों तक हिंसा के बाद नूंह में धारा 144 लागू होने के साथ कर्फ्यू लगा रहा। वहीं नूंह, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में इंटरनेट भी बंद रखा गया। वहीं हरियाणा पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती भी की गई। हिंसा के बाद नूंह में सरकार का बुलडोजर एक्शन भी सामने आया।